पटना के रामकृष्ण नगर थाना अंतर्गत जगनपुरा में खाना बनाने के क्रम में शनिवार को गैस सिलेंडर अचानक ब्लास्ट कर गया। इस हादसे में घर के दो बच्चे झुलस गए। इसमें एक लड़के की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि जगनपुरा में सरकारी विद्यालय के पीछे अरविंद राम अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार को अरविंद राम पेंटिंग करने पास के गांव गए थे। घर में उनकी दो बेटी रोशनी कुमारी (16 वर्ष )एवं चंदा कुमारी (14 वर्ष )उनके दो बेटे राकेश कुमार (19 वर्ष) एवं छोटू कुमार (17 वर्ष) के घर में थे। आसपास के लोगों ने बताया कि अरविंद राम की पत्नी शनिवार को ही नया गैस सिलेंडर लेकर दूध उबालने के लिए जैसे ही गैस जलाए अचानक उसमें आग लग गया।

आग लगते ही घर के सभी बच्चे आग बुझाने के लिए वहां दौड़ पड़े। इसी क्रम में छोटू कुमार आग बुझाने के लिए आगे बढ़ा और वह इसमें झुलस गया। दूसरी तरफ अरविंद राम की बेटी रोशनी कुमारी भी आग बुझाने दौड़ी और आग की चपेट में आकर रोशनी के बाल जल गए। आनन-फानन में आसपास के लोगों ने किसी तरह बालू छिड़ककर आग पर काबू पाए।

इस बीच घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राम कृष्णा नगर थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंच गए। रामकृष्ण नगर थाना प्रभारी ने बताया कि छोटू का कमर से ऊपर का भाग जल गया है और फिलहाल हॉस्पिटल में उसकी इलाज चल रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।



