नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हर दिन सुबह के समय वर्कआउट कर रहे हैं और अपना वजन कम करने में लगे हुए हैं। जानकारी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंच पर उन्हें वजन कम करने की सलाह दी थी। तेजस्वी यादव ने कुछ दिन पहले घर में बैटिंग करते हुए, बॉलिंग करते हुए और लालू प्रसाद की पहली जीप को खींचते- ठेलते हुए दिखे। तेजस्वी ने बताया भी कि वे वर्कआउट करने में लगे हैं। अब उनके समर्थक नरेन्द्र मोदी से सवाल करने लगे हैं।

इसे अहंकार की निशानी कहते हैं !
समाज कल्याण आरजेडी ने ट्वीटर पर कहा है कि ‘ अगर आपकी बात मान भी लें कि तेजस्वी यादव ने मोदी की सलाह मानी तो भी यह एक पॉजिटिव परिपक्व युवा की निशानी है। दूसरी ओर वहीं तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को बिहार के हित के लिए विशेष राज्य का दर्जा देने की हजारों बार सलाह दी है, लेकिन क्या हुआ! इसे अहंकार की निशानी कहते हैं !’

तेजस्वी पढ़ाई, क्रिकेट और राजनीति हर जगह फेल, मोदी का खास नजर बिहार के विकास पर- भाजपा
भाजपा प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा है कि तेजस्वी यादव हर जगह फेल होते जा रहे हैं। वे पढ़ाई और क्रिकेट में पहले ही फेल हो चुके हैं। अब राजनीतिक गाड़ी चलाने में भी वे फेल हो चुके हैं। जनता उनको नकार चुकी है। जहां तक बिहार के विकास की बात है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नजर लगातार बिहार पर है। आने वाले समय में भी बिहार के विकास पर उनका ध्यान रहेगा।



