सीवान में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव में बुधवार की देर रात तकरीबन 2 बजे पिकअप गाड़ी लेकर गांव में अवैध रूप से मवेशी चोरी करने पहुंचे बदमाशों के पिकअप गाड़ी को आक्रोशित भीड़ ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद मवेशी चोर गांव से भाग खड़े हुए। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची हुसैनगंज थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि बुधवार की देर रात पिकअप में सवार होकर करीब तीन-चार की संख्या में हुसैनगंज के शाहबाजपुर गांव पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने गांव के सीमांत पर पिकअप गाड़ी खड़ी करके गांव में प्रवेश कर गए और लोगों की मवेशियों को चुराने करने की कोशिश करने लगे। इतने में गांव में चोरों के पहुंचने की भनक लोगों को मिल गई। इसके बाद गांव में लोगों के बीच अफरातफरी मच गई।

तेज शोर शराबा के बीच आक्रोशित गांव के लोग चोरों का पीछा करना चाहा लेकिन चोर लोगों के चंगुल से किसी तरह अपने आप को बचाते हुए वहां से फरार हो गए। हालांकि उनकी पिकअप लोगों के हाथ लग गई। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने मवेशी चोरों के पिकअप गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।

तस्वीरों में आप साफ तौर पर देख सकते हैं कि रात के अंधेरे में सुनसान जगह पर खड़ी चोरों की पिकअप गाड़ी को आक्रोशित भीड़ ने आग के हवाले कर दिया है। फिलहाल घटना के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। घटना के संबंध में हुसैनगंज थाने के थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि इस बारे में मुझे किसी प्रकार की सूचना नहीं है। अगर ऐसा मामला है तो मैं अपने स्तर से दिखवा रहा हूं।



