भागलपुर में शुक्रवार को ट्रेन से कटकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। अहले सुबह महिला अपनी बेटी और नाती के साथ बेटी के पथरी का इलाज कराने के लिए खगड़िया के लिए निकली थी। खरीक स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे ट्रैक के रास्ते तीनों जा रहे थे। इसी दौरान मददपुर गांव से कुछ दूरी पर ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की मौके पर मौत हो गई।

हादसा नवगछिया-बरौनी रेलखंड के नवगछिया स्टेशन और खरीक स्टेशन के बीच में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर नवगछिया थाना पुलिस और रेल थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। मृतकों की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के मददपुर की निवासी रेखा देवी (50), बेटी धर्मशिला देवी (25) और डेढ़ साल का नाती राजवीर के रूप में हुई है।

3 दिन पहले इलाज कराने मायके आई थी धर्मशिला
घटना के बाबत परिजनों ने बताया रेखा देवी अपनी बेटी का इलाज कराने खगड़िया जाने के लिए घर से सुबह चार बजे निकली थी। खरीक स्टेशन में ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे ट्रैक के रास्ते होकर जा रही थी। इसी बीच नवगछिया स्टेशन और खरीक स्टेशन के बीच में ही मददपुर गांव के कुछ ही दूरी पर ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

धर्माशिला देवी की शादी पूर्णिया जिले के रुपौली में हुई थी। धर्माशिला देवी के पति साजन कुमार ने बताया कि पेट में पथरी का इलाज के लिए मायके दो-तीन दिन पहले आई थी। मां के साथ अपने डेढ़ साल के बच्चे को लेकर ट्रेन पकड़ने जा रही थी। इसी बीच हादसा हुआ।



