मधेपुरा : बड़ी खबर बिहार के मधेपुरा से है जहां अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष और भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या दी. मृतक मधेपुरा जिला के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष थे साथ ही इलाके के कद्दावर भाजपा और संघ के नेता भी. विपीन कुमार सिंह की बीती रात अपराधियों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी जब रात में वो ग्वालपाड़ा बाजार से अपनी कार से घर की ओर लौट रहे थे.

रास्ते में सुनसान जगह पर घर से करीब एक किलोमीटर पहले अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया. बताया जाता है कि तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने मौके से छह खोखा बरामद किया है वहीं पोस्टमार्टम में दो गोलियां शरीर से बरामद की गई हैं. लोग बताते हैं कि उनके गांव से पहले और टिक्कर टोला से आगे कृष्ण मंदिर के समीप तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया

बाइक सवार शूटर्स ने उन्हें रोका. इसके बाद पैक्स अध्यक्ष ने सड़क पर साइड कर अपनी कार रोक दी लेकिन गाड़ी स्टार्ट ही थी. अपराधियों ने शीशा बंद गाड़ी पर गोली चलाकर उनकी हत्या की. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से फरार हो गए. जब राहगीरों ने गाड़ी को पहचाना तो घर पर इसकी सूचना दी गई जिसके बाद परिवारवाले और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक बिपीन की मौत हो चुकी थी.

घटना की जानकारी मिलते ही ग्वालपाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया. मधेपुरा के एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है. हत्या का कारण पंचायत की राजनीतिक प्रतिद्वंदिता बतायी जा रही है. पुलिस फिलहाल हर बिंदु पर नजर बनाए हुए है. फ़िलहाल पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है. बता दें कि विपीन कुमार सिंह भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री रह चुके हैं साथ ही संघ से भी जुड़े थे.



