बिहार की पूर्णिया पुलिस ने त्रिकोणीय प्रेम संबंध में हुई हत्या की एक घटना का खुलासा कर लिया है. अनिल साह की निर्मम हत्या का खुलासा करते हुए मरंगा थाना की पुलिस ने इस अनसुलझे केस को सॉल्व कर लिया है साथ ही मात्र 10 दिनों में इस हत्याकांड के आरोपियों को भी धर दबोचा है. पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के मामले में प्रेमिका गंगा सोरेन, प्रेमी अंशुल और अजमल को गिरफ्तार कर लिया है.

सदर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सरोज ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि 18 जुलाई को मरंगा थाना के हरदा पुल के पास अनिल साह का शव बरामद हुआ था. उसका गला और दोनों हाथ कटा हुआ था. इस विभत्स कांड का जब वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर अनुसंधान किया गया तो पता चला कि मामला प्रेम-प्रसंग का है. दरअसल गंगा सोरेन का मृतक अनिल साह, अंशुल और अजमल तीनों के साथ प्रेम संबंध था. अंशुल और अजमल को मृतक अनिल खटकता था. इसी कारण प्रेमिका गंगा सोरेन, अंशुल और अजमल ने प्लान बनाया और अपने प्रेमी अनिल साह को बुलाया.

इसके बाद हरदा नहर के पास ले जाकर अंशुल और अजमल ने पहले उसका गला दबाया फिर धारदार हथियार से बेरहमी से गला और दोनों हाथ काट दिया. इस दौरान प्रेमिका गंगा सोरेन अनिल का पैर पकड़े हुए था. हत्या की इस घटना के बाद अनिल के दोनों कटे हाथ को सभी ने कोसी नदी में फेंक दिया जबकि शव को दूसरे जगह नहर के किनारे फेंक दिया. पुलिस ने इस केस में प्रेमिका गंगा सोरेन, प्रेमी अजमल और अंशुल को गिरफ्तार कर लिया है.

उनके पास से हत्या में प्रयोग किया गया हथियार, बाइक और दो मोबाइल भी बरामद किया गया है. इस घटना के उद्भेदन में पूर्णिया जिले के मरंगा थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, तकनीकी प्रभारी पंकज आनंद समेत अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही. पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है.



