जमुई -खैरा मुख्य मार्ग नीमा धर्मकांटा के समीप सोमवार सुबह एक पिकअप वाहन ने दो बाइक को टक्कर मार दी। इससे एक बाइक पर सवार दंपती तथा दूसरे बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों घायलों को स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल दंपति की पहचान जवाहरलाल वर्णवाल उनकी पत्नी उषा देवी जमुई,महिसौढ़ी के रूप में हुई है।वही दूसरे बाइक पर सवार युवक की पहचान मो नौशाद पिता मो असलम आजाद नगर जमुई के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार दंपति महिसौढ़ी से सिंगारपुर स्थित शिव मंदिर पुजा करने जा रहे थे। वहीं दूसरे बाइक पर सवार एक युवक कुर्सी बेचने गरही जा रहा था। तभी दोनों बाइक जैसे ही नीमा धर्मकांटा के समीप पहुंची,विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वाहन ने अनियंत्रित होकर दोनों बाइक सवार को ठोकर मार दिया।

इससे दोनों बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप वाहन को पकड़ लिया और टाउन थाना पुलिस को सौंप दिया।इलाज के दौरान तीनों घायलों में एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।



