सीवान में अपराधी बेखौफ हैं, जब चाहे जिधर बड़ी घटना को आसानीपूर्वक अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मंगलवार की दोपहर तकरीबन 2:30 बजे की है। यहां बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने एक शख्स को दिनदहाड़े गोली मार दी। घटना के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मैरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ओवरब्रिज के समीप की है।

जबकि, गोली लगने के बाद घायल की पहचान गुठनी थाना क्षेत्र के खड़खड़िया गांव के रहने वाले जगरनाथ तिवारी का 45 वर्षीय पुत्र रमेश तिवारी के रूप में हुई है। घायल शख्स के पेट और सीने में गोली लगी है। घटना के बाद पीड़ित को मैरवा रेफरल अस्पताल से सीवान रेफर कर दिया गया है। यहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम है। पूरी घटना के संबंध में बताया जाता है कि रमेश तिवारी अपने बुलेट बाइक से कहीं जा रहे थे।

पहले से घात लगाए अपराधियों ने गोली मार उसे घायल कर दिया। घटना को अंजाम देकर अपराधी आसानी से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को मैरवा रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सीवान रेफर कर दिया। वही घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ जितेंद्र पांडे और नगर थाने की पुलिस घायल की जानकारी लेने सदर अस्पताल पहुंचे है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है,आखिर किसने और क्यों गोली मारी है।

हालांकि, दूसरी तरफ घटना के संबंध में पुलिस से मामले की जानकारी लेने की कोशिश की गई तो पुलिस ने कैमरे में आकर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पूरी जानकारी दी जाएगी।



