दिल्ली में सांसदों ने निकाली तिरंगा बाइक रैली:उपराष्ट्रपति ने दिखाया झंडा; कई केंद्रीय मंत्री हुए शामिल

आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर दिल्ली लाल किले से लेकर संसद भवन तक तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने लाल किले से तिरंगा बाइक रैली को झंडा दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा बाइक रैली के दौरान बीजेपी नेता और सांसद गिरिराज सिंह भी नजर आए।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल भी मौजूद रहे। NDA के कई नेता और सांसदों ने भी इस तिरंगा रैली में हिस्सा लिया। सांसद वीके सिंह बुलेट पर तिरंगा लगाकर रैली में शामिल हुए। स्मृति ईरानी अपनी स्कूटी पर तिरंगा लहराते सबसे आगे थीं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी रैली में शामिल हुईं। रैली का समापन विजय चौक पर किया गया।

संस्कृति मंत्रालय की तरफ से किया गया आयोजन
तिरंगा बाइक रैली का आयोजन संस्कृति मंत्रालय के तरफ से किया गया है। देश के सभी लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा लगाने की भी अपील की गई है। इस अभियान के तहत करीब 20 करोड़ तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सभी राजनीतिक दलों के सांसदों से इस रैली में सम्मिलित होने की अपील की थी। जोशी ने कहा था कि यह आयोजन संस्कृति मंत्रालय की ओर से किया जा रहा है ना कि भाजपा की ओर से। उन्होंने सभी सांसदों से बुधवार सुबह 8.30 बजे लाल किला पहुंचने को कहा था।

दिल्ली के लाल किले से उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने हाथ में तिरंगा लेकर बाइक रैली को रवाना किया। इस दौरान मंच पर प्रह्लाद जोशी समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।

PM की अपील- सोशल मीडिया प्रोफाइल पर तिरंगा लगाएं
मन की बात के 91वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव अभियान में जुड़ रहे ज्यादा से ज्यादा लोगों पर खुशी जताई है। PM मोदी ने कार्यक्रम में देशवासियों से ऐसे रेलवे स्टेशनों के बारे में जानने को कहा है, जो स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जुड़े हैं।

उन्होंने अपील किया कि 13 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक देशभर के लोग अपने घरों में तिरंगा जरूर फहराएं और सोशल मीडिया प्रोफाइल में भी तिरंगा लगाने की बात कही है। प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर देश के कई लोगों ने अपनी सोशल मीडिया डीपी पर तिरंगा लगाया। मंगलवार को हुई भाजपा संसदीय दल की बैठक में डीपी पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाने के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों की तारीफ की है।

संसदीय दल की बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आजादी की 75वीं सालगिरह के मौके पर 9 अगस्त से 15 अगस्त के बीच आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान पर खासा जोर दिया और भाजपा सांसदों से अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में लोगों को इससे जोड़ने की बात कही। बैठक में जेपी नड्डा ने सांसदों से कहा कि हर घर तिरंगा के लिए वातावरण बनाएं। इस दौरान उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान पर लोगों को जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा लगवाना शुरू करें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading