अरवल से कोचिंग करके पटना के गांव लौट रही दसवीं की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। दो आरोपी छात्रा के साथ ही कोचिंग में पढ़ते थे। एक आरोपी छात्रा का पड़ोसी है, वह फरार है। तीनों आरोपी छात्रा को ऑटो से नहर के पास उतार ले गए थे। अपहरण करके सुनसान जगह पर ले गए और रेप किया।रेप के बाद छात्रा को छोड़कर भाग निकले। लड़की किसी तरह से घर पहुंची और घटना की जानकारी परिवार को दी। परिवार ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने पॉस्को एक्ट में मामला दर्ज करके साथ पढ़ने वाले दो छात्रों को गिरफ्तार कर लिया।

घटना सोमवार की देर रात की है। पटना जिले के एक गांव की रहने वाली एक नाबालिग छात्रा कोचिंग पढ़ने के लिए अरवल आती थी। जहां उसके कोचिंग के 2 छात्र कई दिनों से उसके पीछे लग हुए थे। ऐसे में सोमवार को जब छात्रा कोचिंग के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी, तभी दो लड़के उसके ऑटो में बैठ गए और उसे बहला-फुसलाकर ऑटो से उतार लिया। इसके बाद दोनों लड़कों ने एक तीसरे व्यक्ति की मदद से उसे नहर किनारे सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

जब देर रात लड़की अपने घर नहीं पहुंची तो पीड़ित लड़की के परिजनों के द्वारा नगर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद पीड़ित लड़की जैसे ही अपने घर पहुंची अपने परिवार वालों से पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पीड़ित लड़की के बयान पर नगर थाने में सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने गैंगरेप की पुष्टि की
गैंगरेप की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक हिमांशु शंकर त्रिवेदी ने बताया कि पटना जिले के रहने वाले लड़की के साथ 3 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि पीड़ित लड़की का मेडिकल कराया गया जिसमें दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसके बाद दो नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, वहीं एक बालिग आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पहले लड़की का अपहरण किया और उसके बाद उसका सामूहिक दुष्कर्म की और उसे सुनसान जगह पर छोड़ दिए जिसके बाद लड़की किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई इसके बाद लड़की के बयान पर विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।


