औरंगाबाद में पुलिस की पिटाई से जख्मी एक खलासी की इलाज के दौरान रविवार की रात वाराणसी में हो गई। मृतक 28 वर्षीय खलासी अनिकेश शर्मा दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा गांव निवासी राधेश्याम शर्मा का बेटा था। युवक की मौत के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे और दाउदनगर पुलिस को सूचना दिया। इसके बाद दाउदनगर पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

बालू लदे ट्रैक्टर से जा रहा था खलासी, पौथू पुलिस ने की थी पिटाई
8 जुलाई को खलासी अनिकेश कुमार बालू लदे ट्रैक्टर के डाला में बैठकर जा रहा था। इसी दौरान भारतीपुर समीप पुलिस द्वारा उसकी पिटाई कर दी गई। जिसके कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद उसे पुलिस द्वारा ही औरंगाबाद सदर अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। वहीं परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। जिसके बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। सदर अस्पताल से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे गया रेफर कर दिया गया, लेकिन गया से उसे फिर पटना रेफर कर दिया गया।

पटना में कभी निजी तो कभी पीएमसीएच में इलाज चला। चार दिन पहले पटना के निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे घर लेकर आ रहे थे, लेकिन अरवल पहुंचने पर जब उसका पाइप निकाला गया तो सांस चलने लगी। इसके बाद परिजन उसे वाराणसी लेकर चले गए। जहां इलाज के दौरान रविवार की देर रात मौत हो गई।

बगैर चालान के बालू लेकर जा रहा था चालक-खलासी
सूत्रों के अनुसार बगैर चालान के बालू की ढुलाई केरा निवासी चालक चिंटू शर्मा व खलासी अनिकेश द्वारा की जा रही थी। लिहाजा पुलिस द्वारा खलासी की पिटाई कर दी गई थी। जबकि चालक को जेल भेज दिया गया है।



