भागलपुर जिले के प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में 108 किलो फलों से भोलेनाथ का श्रृंगार हुआ। शिव जी के श्रृंगार के लिए फलों से ही उनका वस्त्र,उनकी माला तैयार की गई। साथ ही उनके श्रृंगार के लिए अंगूर,सेब,नासपाती, अनार, संतरा का उपयोग किया गया। श्रावणी मेले के आखिरी सोमवारी को बाबा भूतनाथ मंदिर में सुबह से ही जिले के हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
भागलपुर के अलावा आस पास के जिले के भी श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। दिन भर भक्तो के दर्शन का दौर चलता रहा। लोग अपनी अपनी मनोकामना मांगते रहे। माना जाता है कि बाबा भूतनाथ मंदिर में श्रद्धालु जो भी मनोकामना मांगते है,उनकी मनोकामना पूरी होती है।
शाम के वक्त भोलेनाथ का घंटो जलाभिषेक हुआ,जिसमे श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया। जलाभिषेक के बाद बाबा का श्रृंगार होना शुरू हुआ। जैसे ही फलों से बाबा का श्रृंगार किया जाने लगा लोग काफी आकर्षित होने लगे। यहीं नहीं फलों के श्रृंगार के साथ साथ करीब 2100 गुलाब के फूलों का भी उपयोग किया गया।
इसके बाद ये श्रृंगार एक दम मनोरम दृश्य लगने लगा। ज्ञात हो पिछले सोमवारी को भी बाबा का श्रृंगार बंगाल से आए 2.51 लाख रुद्राक्ष से किया गया था। उस वक्त भी ये श्रृंगार जिले में चर्चा का विषय बना था। इस सोमवारी भी फलों का श्रृंगार जिले में चर्चा का विषय बना है।

