बेगूसराय : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर करारा हमला किया है. दसअसल गिरिराज सिंह ने ये हमला तेजस्वी यादव के द्वारा गिरिराज सिंह पर किये गये ट्वीट के जवाब में किया. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि किसी भी संस्कृति का मजाक उड़ाना विनाश को बुलावा देने के बराबर है. आज हिंदू विभिन्न जातियों में विभक्त हैं, इसलिए ही तेजस्वी यादव जैसे लोग उसका मजाक उड़ाने और तिलक, टीक पर टिप्पणी करने की हिमाकत करते हैं.

गिरिराज सिंह ने कहा कि दरअसल तेजस्वी यादव वोट बैंक की राजनीति करने वाले लोग हैं और लगातार उनके निशाने पर हिंदू रहते हैं. उन्होंने किसी भी मुस्लिम नेता के संबंध में आज तक कोई टिप्पणी नहीं की है न ही दाढ़ी और टोपी पर कुछ बोला है. तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा था कि लंबी चोटी रखने से कोई बुद्धिमान नहीं हो जाता. इसी बात को लेकर सियासी गलियारों में बयानों का दौर तेज हो गया.
गिरिराज सिंह ने सीधे शब्दों में कहा है कि टीका और टीकी उनकी संस्कृति में है, इसीलिए वह गर्व के साथ दोनों रखते हैं और इस पर उन्हें पूरा अभिमान है. बीजेपी के फायर ब्रांड नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव में अगर हिम्मत है वह टोपी और दाढी पर टिप्पणी करके देख लें लेकिन ऐसा करने की हिम्मत वह नहीं करेंगे क्योंकि तेजस्वी यादव सिर्फ वोट की राजनीति करना जानते हैं.
गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी बड़े बाप के बेटे हैं और वो पैदाइश से ही नेता हो गए हैं लेकिन हमलोग साधारण परिवार से आते हैं. तेजस्वी यादव मेरी संस्कृति का मजाक न उड़ाएं. ये मजाक संस्कृति का मजाक है सिर्फ मेरे तिलक और टीक का मजाक नहीं है क्योंकि ये हिन्दुओं की पहचान है. गिरिराज सिंह ने कहा कि वो किसी की संस्कृति पर कटाक्ष न करें. हिन्दु को इतना कमजोर नहीं मानें. अगर हिन्दु वोट बैंक होते तो तेजस्वी उनका मजाक नहीं उड़ाते.



