पटना : बिहार में नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आज हो रहा है. मंत्रिमंडल के विस्तार में सभी की नजरें महागठबंधन के घटक दलों द्वारा विभिन्न चेहरों को शामिल किए जाने पर है. नीतीश कुमार की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल में सभी दलों ने राजनीतिक समीकरण को साधते हुए विभिन्न वर्ग के लोगों को शामिल करने की कोशिश की है, लेकिन सभी की निगाहें तेजस्वी यादव की तरफ हैं जिन्होंने पार्टी के एमवाई समीकरण से इतर ए टू जेड समीकरण का फार्मूला दिया था.

राजद सूत्रों की तरफ से जो सूची मिली है, उसके मुताबिक इन नामों को नीतीश कैबिनेट में जगह मिलना लगभग तय हो गया है. आरजेडी कोटे से जो चेहरे नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री बनेंगे उनमें सभी जाति और वर्ग के लोग शामिल हैं. राजद ने अपने मंत्रिमंडल में सवर्णों को भी साथ लिया है साथ ही परंपरागत वोट बैंक यानी मुस्लिम और यादवों को भी भरपूर तवज्जो दी है.

मुजफ्फरपुर के कांटी से पहली बार विधायक बने इसरायल मंसूरी को नीतीश कैबिनेट में जगह मिल रही है तो वहीं बाहुबली अनंत सिंह के करीबी कार्तिक मास्टर जो कि कुछ दिनों पहले ही एमएलसी बने हैं को भी राजद कोटे से मंत्री बनाया जा रहा है. लालू के करीबी माने जाने वाले मगध इलाके के कद्दावर नेता और बेलागंज विधायक सुरेंद्र यादव, आलोक मेहता, समीर महासेठ जैसे चेहरों को भी तेजस्वी यादव ने साथ लेकर बखूबी जातिगत समीकरण साधने की कोशिश की है.

राजद कोटे से संभावित मंत्रियों की लिस्ट
1. तेज प्रताप यादव
2. आलोक मेहता
3. अनिता देवी
4. सुरेंद्र यादव
5. चंद्रशेखर
6. ललित यादव
7. भाई वीरेंद्र

8. रामानंद यादव
9. सुधाकर सिंह
10. कुमार सर्वजीत
11. कार्तिक मास्टर
12. अख्तरुल इस्लाम शाहीन
13. शहनवाज
14. इसराइल मंसूरी
15. समीर महासेठ


