पटना : राजधानी पटना में अपराधियों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है. सूबे में बढ़ते अपराध को रोक पाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रही है. मंगलवार की रात बेखौफ अपराधियों ने पटना में एक डॉक्टर को गोलियों से भून दिया जिससे उनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. यह वारदात पटना के खगौल थाना इलाके की है जिसकी जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि दूसरी वारदात पटना के बेऊर थाना क्षेत्र से आ गई. इस घटना में प्रेम-प्रसंग में एक युवती को गोली मारने का मामला आ रहा है.

गोली लगने से काजल नाम की युवती घायल हो गई है जिसका इलाज सिपारा स्थित निजी नर्सिंग होम में किया जा रहा है. घटना बुधवार अहले सुबह की बताई जाती है. जब युवती इंद्रपुरी मोहल्ला स्थित घर से बाईपास की ओर जा रही थी उसी दौरान उस पर गोली चलाई गई, जिसमें युवती घायल हो गई. घटना की जानकारी के बाद बेऊर थाना की पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई है और मामले की तफ्तीश कर रही है. थानाध्यक्ष अतुलेश ने बताया कि सब्जी विक्रेता की बच्ची को अपराधियों ने गोली मार दी है.

घटना पटना के बेऊर थाना क्षेत्र के सिपारा इलाके के इंद्रपुरी मुहल्ले की है. घटना बुधवार की अहले सुबह की बताई जा रही है. घायल बच्ची 15 वर्षीय काजल को गर्दन में गोली लगने की सूचना है जिसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है. घटनास्थल पर एक घंटे बाद पुलिस के पहुंचने से लोगों में काफी आक्रोश है.

परिजनों ने ही गंभीर स्थिति में घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया है. घटना के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है. फिलहाल पुलिस ने सूचना पर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है और इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बता रही है.




