भागलपुर में शादीशुदा महिला से संबंध रखने पर प्रेमी और उसके चचेरे भाई की हत्या कर दी गई। युवक को प्रेमिका ने ही फोन करके घर बुलाया था। दोनों का गला दबाने के बाद शव गंगा में बहा दिया गया। प्रेमी के शव के सिर का हिस्सा मछलियों ने खा लिया। पुलिस काे प्रेमी का शव 6 दिन बाद नदी से मिल गया है। चचेरे भाई के शव की तलाश की जा रही है। प्रेमिका समेत पूरा परिवार का पता नहीं चल पाया है।

भागलपुर जिले से 25 किलोमीटर घोघा थाने के शाहपुर गांव से यह लव स्टोरी शुरू होती और आमापुर गांव में दो लोगों की हत्या से खत्म होती है। दोनों गांवों के बीच 2 किलोमीटर की दूरी है। शाहपुर में रहने वाले नीरज कुमार (21) की अपने पड़ोसी शादीशुदा काजल (20) से अफेयर था। यह बात काजल के पति किशोर को पता चल गई।

रक्षाबंधन पर काजल अपने पति किशोर मंडल के साथ आमापुर मायके गई थी। उसकी बहन तारा देवी भी ससुराल से पति सुनील मंडल के साथ आई थी। किशोर ने अपने ससुर और सालों से यह बात बताई। इसके बाद काजल के पिता महेंद्र मंडल, उसके तीनों बेटे बासुकी, भोला, टुनटुन, दोनों दामाद सुनील मंडल व किशोर मंडल, बासुकी के चाचा गंगाराम मंडल, दोस्त अशोक मंडल, साला विकास मंडल ने नीरज की हत्या की साजिश रची। 11 अगस्त को काजल पर दबाव डालकर नीरज को बुलाने के लिए फोन कराया गया। आधी रात को काजल से फिर से फोन कराया गया। नीरज अपने चचेरे भाई गोविंद(15) के साथ आमापुर पहुंचा।

गला दबाकर मार डाला, शव गंगा में बहा दिया
यहां दोनों का गला दबाकर हत्या कर दी गई। शवों को डेढ़ किलोमीटर दूर ले जाकर गंगा नदी में बहा दिया गया। इधर, नीरज के परिवार वाले दोनों की तलाश करते रहे। उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। काजल के फोन की जानकारी दी। पुलिस की जांच में पता चला कि काजल और नीरज में अफेयर था। कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आमापुर पर पहुंची।

यहां सभी गायब मिले। यहां ससुराल में भी कागज और उसका पति नहीं मिले। सिटी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि नीरज का शव गुरुवार दोपहर को कहलगांव थाना क्षेत्र के पकड़तल्ला के पास गंगा में मिला। शव को सबसे पहले दोपहर 12 बजे एक मछुआरे ने देखा। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी।

कहलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी घोघा पुलिस को दी। नीरज के दोनों पैर रस्सी से बंधे थे और सिर का कुछ हिस्सा गायब था। शव मिलने की सूचना पर नीरज और गोविंद के परिजन पहुंचे। उनके द्वारा नीरज की पहचान के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

इनकी गिरफ्तारी हुई
इस मामले में आमापुर के अशोक मंडल, इस्माइलपुर के परबत्ता निवासी सुनील मंडल, उसकी पत्नी तारा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें अशोक मंडल, काजल के चाचा का दोस्त है, जबकि बाकी दोनों उसके बहन-बहनोई हैं। पूछताछ में पूरा मामला सामने आया। फिलहाल पुलिस अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दूसरे युवक के शव की तलाश भी की जा रही है।

