पटना. पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौैती देते हुए अपराध की दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है. बाढ़ और एनटीपीसी थाना क्षेत्र में गोली मारने की दो घटनाओं से लोग सहम गए हैं. पहली घटना बाढ़ थाना के अकबरपुर की है जहां शुक्रवार की देर रात मिट्टी गिराने के बाद पैसा देने के विवाद में राजू रविदास की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगो को पकड़ा है.

परिजनों ने बताया कि यदि समय पर पुलिस पहुंचती तो हत्या नहीं होती. मृतक के भाई विकास ने बताया कि एक ट्रैक्टर मिट्टी गिराया गया था, जिसके लिए 300 सौ रुपए देना था. रात के 11 बजे मारपीट हुई जिसकी सूचना 112 नंबर पर दी गई लेकिन कोई पुलिसवाला नहीं पहुंचा. देर रात 2 बजे कुछ लोग वापस आए और राजू की गोली मारकर हत्या कर दी. दूसरी घटना एनटीपीसी थाना के एनटीपीसी प्लांट एरिया के पिछले गेट की है.






