पटना में कोचिंग से बाहर से नाबालिग को मुंहबोले नाना पिस्टल के दम पर कार में उठा ले गया। अटल पथ से होते हुए सोनपुर ले गया। वहां पर पिस्टल दिखाकर गंदी हरकत करने की कोशिश की। लड़की पटना के अदालतगंज इलाके में नानी के साथ रहती है। वह दसवीं में पढ़ती है। आरोपी ने नानी से लड़की के बॉयफ्रेंड होने की शिकायत की थी।

घटना बीते 15 अगस्त की सुबह की है। नाबालिग (16) शनिवार को महिला थाना पहुंची थी। उसने बताया कि पटना म्यूजियम के पास से कोचिंग करके घर लौट रही थी। इसी वक्त पिस्टल के बल पर मुंहबोले नाना ‘गोप जी’ (50) उसे उठा ले गए।

मोहल्ले के लड़के से बातचीत का करता था विरोध
पीड़िता ने बताया, ‘मैं अपने ही मोहल्ले के एक परिचित लड़के से बातचीत करती थी। इसका विरोध उसके घर के पास रहने वाले मुंहबोले नाना ने किया था। नाना ने उसकी नानी को बताया कि वह नाबालिग से बात करना चाहता है। इस दौरान नानी ने बात करने के लिए इजाजत दे दी। नानी ने भी थाने में यही बात कही है।

लड़की ने बताया कि मैं कोचिंग जा रही थी, तभी मोहल्ले का एक व्यक्ति(छोट्टू) मेरे पास आया। उसे मैं नाना कहती हूं। उन्हें सब ‘गोप जी’ भी कहते हैं। वे 3-4 मर्डर कर चुके हैं और दारू माफिया है। मुझे धमकाकर कार में बैठाकर गंगा पाथ-वे और जेपी सेतु से होकर सोनपुर ले गया और मेरे साथ गलत करने की कोशिश की। इसलिए मैं महिला थाना आई थी।

लड़की ने बताया, ’15 अगस्त 8 बजे म्यूजियम के पास से मुझे जब मैं कोचिंग से आ रही थी, तभी गोली दिखा कर धमकाया था और कहा चलो बैठो। ब्लू कलर की कार थी। कार में दो लोग थे। जब मेरे बॉडी को टच किया था तब मुझे लगा कुछ गलत करने की कोशिश करेगा। उसने हाथ पकड़े थे। गंदा-गंदा वर्ड पूछ रहा था। कह रहा था-मेरे साथ चलना चाहती हो। नानी को बोलकर हॉस्टल में रखवा दूंगा। मैं रात के रात वहां से हटा दूंगा। स्कूटी दिला दूंगा। कार दिला दूंगा। मेरा फोन भी 4 दिन से लिया था। मेरे फ्रेंड से भी बात किया था। मुझे भी फोन करता था। मेरे पास रिकॉर्डिंग रखा है।’

अटल पथ, फिर गंगा पाथ-वे और जेपी सेतु से होकर सोनपुर ले गया
पीड़िता के अनुसार इसके बाद वह उसे वापस ले आया। उसने मामले की जानकारी अपनी नानी को दी। शनिवार को उसने गर्दनीबाग के महिला थाने में आवेदन देकर अपना बयान दर्ज कराया। मामले में महिला थाना प्रभारी किशोरी शास्त्री ने कहा कि लिखित आवेदन मिला है। जांच कर कार्रवाई करेंगे।

नानी ने बताया कि लड़की एक लड़के से बात करती थी। मोहल्ले के लोग 10 तरह की बात करते थे। 10 आदमी को हम कहे कि 10 आदमी उसे समझाएगा तो समझ जाएगी। इसी पर वो(आरोपी) बोला कि ठीक है मैं उसे समझा दूंगा। हम सोचे ठीक है मोहल्ले का बड़ा आदमी है। हमसे कहा कि इसका मोबाइल रख लेते हैं जिससे यह किसी से बात नहीं करेगी। 4 दिन फोन रखा रहा। इसी के बाद 15 अगस्त को बात करने के बहाने ले गया।

