एक्टर विजय देवरकोंडा ने हाल ही में बॉलीवुड फिल्मों के बायकॉट ट्रेंड पर रिएक्ट किया है। एक इंटरव्यू में विजय ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘लाइगर’ के बारे में बात करते हुए कहा कि कौन रोकेगा देख लेंगे। रिलीज के पहले से ही #BoycottLigerMovie ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है। इसके पहले भी सोशल मीडिया पर कई फिल्मों को बायकॉट किया गया है। जिसकी वजह से हालिया रिलीज फिल्मों के बॉक्स-ऑफिस बिजनेस पर काफी असर पड़ा है।

‘लाइगर’ के लिए हम लड़ाई लड़ेंगे
विजय ने बात करते हुए कहा, “लाइगर के साथ थोड़ा ड्रामा तो हमने एक्सपेक्ट किया था, लेकिन हम इसका सामना करेंगे। हमने इस फिल्म को बनाने में खून-पसीना एक किया है और मुझे लगता है कि मैं सही हूं। मुझे लगता है कि यहां डर के लिए कोई जगह नहीं है। जब मेरे पास कुछ नहीं था, तब भी मैं नहीं डरा और अब जब मैंने थोड़ा बहुत हासिल कर लिया है, तो मुझे नहीं लगता कि मुझे डरने की जरूरत है। मां का आशीर्वाद है, लोगों का प्यार है, भगवान का हाथ है, अंदर आग है, कौन रोकेगा देख लेंगे।”

विजय ने की स्ट्रगल के दिनों पर बात
विजय ने अपने स्ट्रगल के दिनों को याद करते हुए बताया, “मुझे लगता है कि जिंदगी ने मुझे लड़ना सिखा दिया है। पहले मुझे सम्मान और पैसे के लिए लड़ना पड़ा, उसके बाद मुझे इंडस्ट्री में अपनी जगह और काम के लिए लड़ना पड़ा। हर फिल्म मेरे लिए किसी लड़ाई से कम नहीं थी। जब मैं अपनी पहली फिल्म कर रहा था, तो हमें इसके लिए प्रोड्यूसर नहीं मिल रहे थे।”

लोग मुझे मेरे काम से जानते हैं
विजय ने आगे कहा, “इसलिए मैंने उस फिल्म में फ्री में काम किया, हमें प्रोडक्शन के खर्चे के लिए पैसा इकट्ठा करना था। उस वक्त मैं इंडस्ट्री में कुछ भी नहीं था। जब मेरी तीसरी फिल्म अर्जुन रेड्डी रिलीज होने वाली थी, उसके पहले हमें प्रोटेस्ट का सामना करना पड़ा। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई और लोग आज मुझे फिल्म में मेरे काम की वजह से जानते हैं।”

25 अगस्त को रिलीज होगी ‘लाइगर’
स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘लाइगर’ 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म से विजय हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं। साथ ही यह अनन्या की पहली मल्टी-लिंगुअल फिल्म होगी। इस फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म को जगन्नाथ, चार्मी कौर, करण जौहर और अपूर्व मेहता ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।


