झारखंड में खनन घोटाले में बुधवार को 16 ठिकानों पर ED की रेड चल रही है। CM हेमंत सोरेन के करीबी प्रेम प्रकाश के रांची स्थित ठिकानों पर छापा मारा गया। प्रेम प्रकाश के घर तिजोरी से 2 एके-47 राइफल बरामद की गई हैं। इसकी तस्वीरें सामने आई हैं। प्रेम प्रकाश के पुराने दफ्तर पर भी छानबीन जारी है। यह ऑफिस पिछले कुछ दिनों से बंद है। प्रेम प्रकाश के 11 ठिकानों पर रेड जारी है।

प्रेम प्रकाश की झारखंड की राजनीति में मजबूत पैठ मानी जाती थी। इससे पहले भी ईडी ने प्रेम को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, कुछ घंटे सवालात के बाद ED ने उसे छोड़ दिया था।

प्रेम प्रकाश के कई करीबी CA के घर भी छापेमारी
इस कार्रवाई को इतना सीक्रेट रखा गया है कि स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लगने दी गई है। ED रांची में CA एमके झा, यस एंड कंपनी की चार्टर्ड अकाउंटेंट अनीता कुमारी के घर भी कागज खंगाल रही है। लालपुर के जतिन चंद्रा रोड स्थित सिंह अपार्टमेंट में अनीता कुमारी का 1-A नंबर में फ्लैट है, इसमें भी छापा जारी है।

अवैध माइनिंग के केस में चल रही है कार्रवाई
यह रेड अवैध माइनिंग को लेकर की जा रही है। इस मामले में एजेंसी ने पहले ही कई जिलों के डीएमओ को बुलाकर पूछताछ की है। साथ ही सीएम के प्रेस एडवाइजर समेत विधायक प्रतिनिधि से भी पूछताछ की है। सीएम के विधायक प्रतिनिधि फिलहाल ईडी की रिमांड पर हैं, जबकि प्रेस एडवाइजर से दो बार बुलाकर पूछताछ की जा चुकी है।



