मुजफ्फरपुर : समाहरणालय सभागार में बुधवार को पंचायतों में कृषि कार्यो से संबंधित कई बिंदुओं पर समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम प्रणव कुमार ने की। इस दौरान पूरे जिले औसतन वर्षा सामान्य से 48 फीसदी से कम होने पर सभी कृषि समन्वयक को भ्रमणशील होकर किसानों से समन्वय स्थापित कर कृषि के सभी पहलुओं में किसानों को सहयोग करने का निर्देश दिया।
इस दौरान कृषि समन्वयक को अधिक से अधिक किसानों को डीजल पंप सेट से खेती करने में डीजल अनुदान प्राप्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कराने पर जोर दिया।
जिले में डीजल अनुदान में करीब 10 हजार आवेदन स्वीकृति के बाद भी लंबित भुगतान को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया गया।
समन्वयक के सहयोग से किसानों को कृषि फीडर से विद्युत कनेक्शन कराना सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया डीएम ने कहा शताब्दी निजी नलकूप के लाभार्थी के साथ बैठक कर पटवन सुनिश्चित करें।
वहीं नलकूप अभियंता को निर्देश दिया गया कि खराब नलकूप की सूची प्रतिवेदित करें। जिससे कि इसे अविलंब ठीक कराया जा सके। साथ ही कहा गया कि समन्वयक पूरे पंचायत क्षेत्र में वे भ्रमणशील होकर देखेंगे कि ट्रांसफॉर्मर, राजकीय नलकूप, निजी नलकूप, आच्छादन, सिंचाई की व्यवस्था का अनुश्रवण करेंगे।
सरकार द्वारा कृषि फीडर में 16 घंटा बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसका सत्यापन एवं अनुपालन करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त डीजल अनुदान में किसानों को अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन जमा करने के लिए प्रेरित करने को कहा। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी व सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी उपस्थित थे।
