नवादा. हालांकि बिहार में नशाबंदी है. बावजूद हर रोज नशे की कोई न कोई वारदात सामने आती रहती है. नशा को लेकर कहा जाता है कि जब नशा किसी के ऊपर हावी हो जाता है तो वह किसी भी सीमाओं को लांघकर कुछ भी कर देता है. कुछ ऐसा ही मामला नवादा से आया है जिसकी चारों ओर निंदा हो रही है. नशे में धुत्त पिता ने अपनी 9 महीने की मासूम बेटी को जमीन पर पटक मार डाला.

यह वारदात नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बरनावा गांव के अनुसूचित टोला में हुई है. यहां एक बाप ने मां की गोद से 9 महीने की मासूम बेटी लेकर जमीन पर पटककर मार डाला. हत्या का आरोप होरिल मांझी पर लगा है. आरोप लगाने वाली कोई और नहीं उसकी पत्नी किरण देवी हैं. किरण की शिकायत के बाद पुलिस ने उसके पति को बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है.

बच्ची सुंदरी कुमारी की मां किरण ने थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि पति होरिल मांझी ने गुरुवार को काफी शराब पी रखी थी. घर पहुंचकर पत्नी से गाली-गलौज करते हुए उसने खाना मांगकर खाया. पति के रवैए से आजिज आ चुकी 27 वर्षीया किरण ने गाली देने से मना किया और बच्चों के साथ घर से जाने की बात कही. इस पर भड़के होरिल ने पत्नी की गोद से 9 महीने की मासूम बेटी को खींचकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

बेटी की हत्या से आहत पत्नी ने तत्काल वारिसलीगंज थाने को इसकी सूचना दी. पुलिस ने भी बिना देर किए बरनावा पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए नवादा भेजा. जबकि हत्या के आरोपी बाप को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया.

होरिल को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. करीब एक महीने पहले ठेरा पंचायत की पवीपुर गांव में इसी प्रकार की वारदात हुई थी. वहां भी नशे में धुत्त पिता ने अपनी 3 साल की बेटी को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला था. हत्या का आरोपी अबता जेल में बंद है.


