बेगूसराय शहर के मेनरोड में बाइकसवार को ई रिक्शा में मामूली ठोकर लगने के बाद जमकर मारपीट हुई। इस दौरान बीच बाजार में मोटरसाइकिल सवार और ई-रिक्शा चालक एक दूसरे से हाथापाई करते रहे। इस कारण बाजार में जाम लग गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार में भीड़ बाहर होने के कारण ई-रिक्शा से मोटरसाइकिल में ठोकर लग गई। इस मामूली टक्कर के बाद मोटरसाइकिल सवार ई-रिक्शा चालक को पीटने लगा। इसके बाद ई-रिक्शा चालक भी भिड़ गया। दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले।

हालांकि, घटना रविवार शाम की है जिसका वीडियो अब सामने आया है। स्पष्ट तौर पर देखा जा रहा है कि बाइक सवार के हाथ छोड़ते देख ई रिक्शा चालक भी बाइक सवार के शरीर में लटक गया और दोनों के बीच बीच सड़क पर उठापटकी होने लगी।

काफी देर तक दोनों के बीच मारपीट होती रही और आसपास के लोग तमाशा देखते रहे। पर कोई छुड़ाने के लिए सामने नहीं आ रहा था। बहुत देर मारपीट होने के बाद राहगीरों ने दोनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।

गौरतलब हो कि मेन रोड से कुछ मीटर की दूरी पर ही नगर थाना है बावजूद टाइगर मोबाइल के जवान इस घटना से अंजान बने रहे। इसके बाद दोनों लोग अपने-अपने रास्ते को चले गए। मारपीट की इस घटना के बीच बाजार में भीड़ लग गई और बाइक सवार और ई रिक्शा चालक एक दूसरे में लटक कर मारपीट करते रहे।

हालांकि नगर थाना पुलिस का कहना है कि इस मारपीट की कोई लिखित शिकायत पुलिस से नहीं की गई है। स्थानीय लोगों की मदद से ही मामले को सुलझा लिया गया है।
