बेगूसराय में NH 31 पर सड़क हादसे में एक डॉक्टर की मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के ज्ञान भारती हाई स्कूल के समीप सोमवार दोपहर की है। जहां बाइक सवार डॉक्टर को कार सवार ने ठोकर मार दी जिसके बाद डॉक्टर सड़क पर गिर गए तभी दूसरी ओर से आ रहे वाहन ने डॉक्टर को कुचल दिया। इस हादसे में चिकित्सा की मौके पर मौत हो गई। हालांकि, आनन फानन में स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक डॉक्टर की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मीरगंज निवासी लगभग 50 वर्षीय डॉ अरुण कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि समस्तीपुर जिले के हसनपुर प्रखंड में वह कार्यरत थे। वह पीएचसी प्रभारी थे। परिजनों ने बताया कि मीरगंज निवासी डाक्टर अरूण कुमार अपनी बाईक से ड्यूटी समस्तीपुर जा रहे थे। ड्यूटी जाने के दौरान ही ज्ञान भारती स्कूल के पास तेज रफ्तार कार सवार ने बाइक में ठोकर मार दी। ठोकर लगने के बाद वह एन एच पर दूसरी लेन में जा गिरे।

तभी दूसरा वाहन ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो रहा है। मृतक चिकित्सा के घर में उनकी पत्नी ,एक लड़का और एक लड़की है । घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।

कागजी प्रक्रिया के उपरांत नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। इस घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में आयुष डाक्टर सदर अस्पताल पहुंचे हैं। डाक्टर में ग़म का माहौल है। आयुष चिकित्सकों ने अपने साथी को श्रद्धांजलि और शोक संवेदना व्यक्त की है।


