बांका की शिक्षिका को राजकीय सम्मान मिलेगा। अमरपुर के प्रोन्नत मध्य विद्यालय कुल्हरिया की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुरभि रानी का चयन इसके लिए किया गया है। भागलपुर प्रमंडल में इस बार केवल एक शिक्षक का चयन किया गया है। सुरभि रानी का चयन राजकीय सम्मान के लिए किए जाने पर जिले के शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी है।

इससे पहले इसी स्कूल में पदस्थापित तत्कालीन प्राधानाचार्य पप्पू हरिजन को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पुरस्कृत किया था। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कई नवीन प्रयोग किए थे। राजकीय सम्मान के लिए चयनित शिक्षिका सुरभि रानी मूल रूप से अगरपुर प्रखंड क्षेत्र के कासपुर गांव की रहने वाली है। वह फिलहाल भागलपुर में रहती हैं।

शिक्षा के साथ-साथ लोगों को कर रही जागरूक
बता दें कि सुरभि राने ने कोरोना काल में लोगों में जागरूकता लाने के लिए बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था। इसके अलावा स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को प्रतियोगिता परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा इसके अच्छे परिणाम भी मिले। सुरभि रानी ने बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ सामाजिक सरोकारों से भी अवगत कराते हुए उन्हें समाज के लिए बेहतर काम करने के लिए प्रेरित किया। वह प्रोन्नत मध्य विद्यालय कुल्हरिया में साल 2015 से से पदस्थापित हैं।
पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना में राज्य के अन्य शिक्षकों के साथ उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। उनके इस उपलब्धि पर शिक्षकों में हर्ष व्याप्त है।





