दिल्ली जाने से पहले लालू से मिले नीतीश:राहुल गांधी समेत केजरीवाल से भी मुलाकात संभव

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता की मुहिम को मजबूत करने के लिए आज दिल्ली जाएंगे। CM आज तीन बजे पटना से दिल्ली चार्टर्ड प्लेन से रवाना होंगे। आज ही राहुल गांधी से मुलाकात हो सकती है। कल दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, लेफ्ट पार्टी के नेताओं से भी मुलाकात संभव है। 7 सितंबर को राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति से मिलने का समय तय हुआ है। एक दिन पहले JDU की कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने विपक्ष के नेताओं को एकजुट करने की बात कही थी।

दिल्ली जाने से पहले लालू आवास पहुंचे नीतीश कुमार।

मुख्यमंत्री दिल्ली में ओम प्रकाश चौटाला के परिवार के सदस्यों के साथ मुलाकात करेंगे। सीताराम येचुरी सहित वामदल के नेताओं के साथ भी मुख्यमंत्री की मीटिंग होनी है। अपनी 3 दिनों की यात्रा में विपक्षी नेताओं को एकजुट कर एक मंच पर लाने की कवायद में नीतीश कुमार का यह पहला कदम होगा।

इससे पहले नीतीश कुमार राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के आवास पहुंचे हैं। जहां उन्होंने लालू यादव और राबड़ी देवी से मुलाकात की। इस दौरान तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।

त्यागी बोले – विपक्षी एकजुटता का चेहरा होंगे नीतीश
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने बताया कि तीसरे मोर्चे को लेकर विपक्षी दलों में काफी जोश है। सभी मन से चाहते हैं कि भाजपा के खिलाफ एक तीसरा मोर्चा तैयार हो। इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार विपक्षी नेताओं से मिलते रहेंगे।

त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री उम्मीदवार नहीं हैं। वो विपक्षी एकजुटता का चेहरा होंगे। इसके लिए ममता बनर्जी, स्टालिन, अखिलेश यादव, शरद पवार सहित कई नेता हैं, जिनसे बाद के दिनों में नीतीश कुमार मिलते रहेंगे।

पहले जनता दरबार करेंगे, फिर 3 बजे जाएंगे

महीने का पहला सोमवार होने की वजह से मुख्यमंत्री पहले जनता दरबार करेंगे। महागठबंधन सरकार में पहली बार यह आयोजन होगा। इसलिए नजारा बदला हुआ दिखेगा। दोपहर 3 बजे सीएम दिल्ली रवाना होंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading