भारतीय क्रिकेट टीम के 23 वर्षीय होनहार पेसर अर्शदीप सिंह से रविवार को एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) में पाकिस्तान के खिलाड़ी आसिफ अली का कैच छूट जाने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा उन्हें निशाने पर लिया जा रहा है. इससे अर्शदीप के परिवारवाले चिंतित हैं. इससे वाकिफ पंजाब के खेल मंत्री मीत हेयर ने अर्शदीप की मां से फोन पर बात की है. खेल मंत्री ने उन्हें फोन कर भरोसा दिलाया है कि वह किसी प्रकार की चिंता ना करें और आश्वस्त किया कि ‘हम आपके साथ हैं’…

पाकिस्तान के साथ मैच के बाद अर्शदीप के ट्रोल होने पर खेल मंत्री मीत हेयर ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह शर्म की बात है कि उभरते सितारे के बारे में ऐसा कहा जा रहा है. अर्शदीप ने बेहतरीन गेंदबाजी की है. खेल में किसी दिन अच्छा होता है तो किसी दिन बुरा. हम अर्श के साथ हैं.

उन्होंने आगे कहा कि मै अर्श के साथ फोन पर बात करूंगा. जब अर्शदीप वापस आएगा तो उनसे मिलूंगा. जो लोग अर्शदीप के बारे में गलत बोले रहे हैं, उनकी जांच होनी चाहिए. उन पर कार्रवाई होनी चाहिए. अर्शदीप जब टूर्नामेंट खेलकर वापस आएगा तो में खुद उन्हें एयरपोर्ट लेने जाऊंगा.

बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाज अर्शदीप सिंह के विकिपीडिया पेज को एडिट कर ‘खालिस्तान’ के साथ जोड़े जाने को सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गंभीरता से लिया है. मंत्रालय ने अर्शदीप के पेज को खालिस्तान से जोड़े जाने और उस कंटेंट के पब्लिकली रिफलेक्ट होने को लेकर स्पष्टीकरण के लिए भारत में विकिपीडिया के अधिकारीयों को सामान जारी किया है. मंत्रालय ने अधिकारियों से कहा है कि वह इस मामले में स्पष्टीकरण के साथ उनसे आकर मिलें और इसकी वजह बताएं…

दरअसल, भारतीय टीम के 23 वर्षीय होनहार पेसर अर्शदीप सिंह से रविवार को एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) में पाकिस्तान के खिलाड़ी आसिफ अली का कैच छूट गया था. इसके बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर उन पर सवाल खड़ा करना शुरू कर दिया.




