पटना सिटी (पटना). बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. शहर के फतुहा में रूह को कंपा देने वाली घटना सामने आई है. एक शख्स की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. नृशंस हत्याकांड से आसपास सनसनी फैल गई. हत्यारोपी हत्याकांड को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार, राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के माल बीघा गांव में पैसे के विवाद को लेकर चचेरे भाइयों ने लाठी-डंडे से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. मृतक के परिजनों और ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन की.

मामला संज्ञान में आने के बाद फतुहा डीएसपी राजेश कुमार मांझी मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और पूरे मामले के बारे में जानकारी ली. दूसरी तरफ, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.






