बिहार के गया में फल्गु नदी पर देश का सबसे बड़ा रबर डैम बनकर तैयार हो गया है। 411 मीटर लंबे इस डैम का निर्माण विष्णुपद मंदिर के पास किया गया है। धार्मिक नगरी गया में 9 सितंबर से पितृपक्ष मेले की शुरुआत होने से एक दिन पहले 8 सितंबर को CM नीतीश कुमार इसका उद्घाटन करेंगे।
फल्गु नदी में सिर्फ बारिश के मौसम में ही सतह पर पानी होता है। बाकी दिनों में पानी नहीं रहता। मान्यता है कि गया में बहने वाली फल्गु नदी माता सीता से श्रापित है।
मान्यताओं के अनुसार पिंडदान के बाद तर्पण के लिए इसी नदी का जल जरूरी होता है। लेकिन पानी नहीं होने की वजह से न सिर्फ पर्यटकों बल्कि स्थानीय लोगों को भी असुविधा होती थी।
इसी को देखते हुए फल्गु नदी पर रबर डैम का निर्माण कराया गया है। अब नदी में सालभर सतह पर पानी रहेगा और पिंडदान करने आए लोगों को समस्या नहीं होगी।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय सिंह का कहना है कि आम बरसाती नदियों की अपेक्षा फल्गु में एक दिन में ही पानी सूख जाता है। अन्य नदियों में लंबे समय तक पानी का ठहराव होता है। इस नदी के भीतर सीपेज तेजी से होता है।
पारंपरिक डैम में नदी के भीतर पानी रोकने की तकनीक नहीं होती है। लेकिन रबर डैम में इस तकनीक का खास दूरी तक इस्तेमाल किया जाता है। चूंकि विष्णुपद के निकट केवल धार्मिक महत्व के मद्देनजर पानी चाहिए था, इसलिए यहां रबर डैम बनाया गया है।

