औरंगाबाद : नालंदा की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने गए युवक की संदिग्ध मौत के बाद मां ने भी शुक्रवार की अहले सुबह दम तोड़ दिया। मृतक मां 50 वर्षीय कमला देवी थी। बेटे के बाद कुछ घंटों में मां की मौत होने पर इलाके में सनसनी फैली हुई है।

बता दें कि कि मृतक 30 वर्षीय विनोद कुमार शमशेर नगर गांव निवासी रामचंद्र राम का पुत्र था। वह गांव के ही अमरेंद्र कुमार पांडे के आर के कंस्ट्रक्शन कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर का कार्य करता था। कुछ दिनों पूर्व उसने काम छोड़ दिया था। लेकिन फिर से अधिक पैसे का लालच देकर कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक उसे काम करने के लिए ले गए थे। गुरुवार को एंबुलेंस से युवक का शव उसके घर आया था। शव पहुंचते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि कंपनी के मालिक राधा कृष्ण कुमार उर्फ अमरेंद्र कुमार पांडे एवं अन्य कर्मियों ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर विनोद की हत्या कर दी थी। तब से मृतक युवक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। लेकिन उसकी मां कमला देवी भी इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकी और शुक्रवार की अहले सुबह रोते बिलखते वह भी अपनी दम तोड़ दी।

मामले में दाऊदनगर थाना प्रभारी गुफरान अली ने बताया कि घटनास्थल नालंदा की है। इसलिए यहां से इस मामले को घटित थाने को भेज दिया गया। जब नालंदा जिले के चंडी थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नही हुआ है। अगर आवेदन मिलेगा तो निश्चित ही इस पर कार्रवाई करते हुए जांच पड़ताल की जाएगी।





