प्रेमिका के निकाह की खबर सुन सनका प्रेमी, बोला- बारात आई तो बना दूंगा श्मशान

गोपालगंज: बिहार में एक सिरफिरे आशिक ने लड़की की शादी से पहले दूल्हा और दुल्हन के परिवार को गोली मारने की धमकी देकर खौफ पैदा कर दिया है. मामला गोपालगंज जिला से जुड़ा है जहां के फुलवरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में ये घटना हुई है. पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और रविवार की शाम फुलवरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश में जुट गयी है लेकिन लगातार फोन पर धमकी मिलने के बाद से दोनों पक्ष खौफजदा है.

सीवान का रहने वाला है आशिक

लड़की के परिजनों और दूल्हा पक्ष के परिजनों को फोन कर धमकी देने वाले सनकी युवक की पुलिस ने पहचान कर ली है. पुलिस के मुताबिक धमकी देने वाले युवक की पहचान सीवान जिला के खगौरा गांव निवासी शहीद मियां का पुत्र शोएब के रूप में की गयी है. पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक लड़की के दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है.

लड़की के भाई ने दर्ज कराई प्राथमिकी

धमकी मिलने के बाद लड़की के भाई ने फुलवरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. पीड़ित ने कहा कि 16 सितंबर को उसकी बहन का मिलाद और 17 सिंतबर को बारात गोपालपुर थाने के एक गांव से आने वाली है. शनिवार से लगातार आरोपी युवक द्वारा फोन कर लड़की के भाई और उसके दादा के अलावा दूल्हा पक्ष के परिवार को धमकी दी जा रही है.

थानेदार को भी सनकी ने धमकाया

फुलवरिया थाने में दर्ज एफआइआर के मुताबिक सिरफिरे युवक द्वारा मिलाद और बारात में ही लड़की और लड़के वालों के साथ बारातियों को गोली मारने की धमकी दी गयी है. लड़की का भाई जब रविवार को थाने में शिकायत करने पहुंचा तो वहां भी धमकी भरा कॉल आया, जिसके बाद थानेदार ने मोबाइल लेकर बात की, लेकिन पुलिस को भी सिरफिरा युवक फोन पर धमकाने लगा.

इस मामले में हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई कर रही है. कांड दर्ज कर लिया गया है. कॉल का सीडीआर निकाला जा रहा है. पुलिस धमकी देने वाले की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. लड़की की शादी में किसी तरह की बाधा नहीं पहुंचे, इसके लिए पुलिस सुरक्षा मुहैया करायेगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading