निखिल मंडल ने JDU प्रवक्ता पद से दिया इस्तीफा, अटकलों का बाजार गर्म

पटना. JDU के तेज तर्रार प्रवक्ता और कद्दावर राजनेता रहे बी पी मंडल के पोते निखिल मंडल ने JDU के प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है. अपने इस्तीफे की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी और अपने समर्थकों को दी.  निखिल मंडल ने जो बातें सोशल मीडिया पर लिखी है उसके मुताबिक उन्होंने कहा है कि निजी कारणों से मैं JDU प्रदेश प्रवक्ता पद से इस्तीफ़ा देता हूं. आप सभी का धन्यवाद जो 31.01.2016 से लगातार मुझे इस पद के लायक समझा गया.

जेडीयू प्रवक्ता निखिल मंडल ने दिया इस्तीफा

कृपया मेरे इस्तीफा को मंजूर किया जाये.जाहिर है निखिल मंडल ने निजी कारणों का हवाला दिया है लेकिन ये भी लिखना नहीं भूलते हैं कि छह साल सात महीने और 12 दिन में मुझे तमाम मीडिया के साथीगण से अपार प्यार और सम्मान मिला जिसके लिए मैं आप सभी को दिल से धन्यवाद देता हूं.

सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक़ निखिल मंडल लोकसभा चुनाव मधेपुरा से लड़ना चाहते हैं और अंदर ही अंदर इसकी तैयारी भी कर रहे हैं लेकिन पिछले दिनों शरद यादव के बेटे ने मीडिया से बयान देते हुए कहा था कि वो मधेपूरा से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, उसी के बाद निखिल मंडल के लिए मुश्किलें बढ़ गई थी क्योंकि शरद यादव के अच्छे संबंध नीतीश कुमार, लालू यादव और तेजस्वी यादव से भी हैं, यही वो वजह हो सकती है जो निखिल मंडल के लिए समस्या हो सकती थी.

इस मामले में निखिल मंडल से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने इस मामले पर कुछ नहीं कहा. निखिल ने सिर्फ इतना कहा कि जो कहना था मैंने सोशल मीडिया पर कह दिया है. निखिल मंडल के इस्तीफा देने के पीछे एक बड़ी वजह ये भी थी कि वो मधेपुरा में ज़्यादा वक्त देना चाहते थे जो प्रवक्ता पद पर रहते संभव नहीं था क्योंकि हर प्रवक्ता को हर दिन किसी ना किसी वक़्त पर JDU दफ़्तर में रहना था, जो निखिल मंडल कर नहीं पा रहे थे.

सवाल ये है कि अगर महागठबंधन से निखिल मंडल को टिकट नहीं मिला तो उनका अगला कदम क्या होगा. इस बारे में उन्होंने कुछ भी नहीं कहा है. निखिल मंडल नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाते हैं और नीतीश कुमार ने ही निखिल मंडल को मधेपुरा से विधानसभा चुनाव में टिकट दिया था लेकिन वो हार गए थे. अब निखिल मंडल के इस फैसले पर नीतीश कुमार क्या फ़ैसला लेते हैं ये देखना दिलचस्प होगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading