राजस्थान के चूरू जिले में लव मैरिज करने वाले कपल को लड़की के परिजनों ने जान से मारने धमकी दी है. उसके बाद प्रेमी युगल ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर जान बचाने की गुहार की है. परिजनों की ओर से धमकी मिलने के बाद यह जोड़ा काफी डरा हुआ है. पुलिस प्रेमी जोड़े को सुरक्षा प्रदान की है. इस बीच लड़की के परिजनों ने सालासर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है. इस प्रेमी जोड़े का कहना है कि लव मैरिज करके उन्होंने कोई गुनाह नहीं किया है. लेकिन अब परिवार के लोग उनकी जान की दुश्मन बने हुये हैं.

जानकारी के अनुसार मामला चूरू जिले के सुजानगढ़ तहसील के गांव बाघसरा पूर्वी से जुड़ा हुआ है. यहां के लालचंद (24) और खारिया कनीराम निवासी मनीषा (22) ने बताया कि वे दोनों करीब छह-सात साल से एक दूसरे से प्यार करते हैं. मनीषा ने बताया कि उसने परिजनों को काफी बार बताया कि वह लालचंद से प्यार करती है और उससे ही शादी करेगी. लेकिन परिजन इस बात पर सहमत नहीं हुए. इसके चलते परिजनों ने उसके साथ कई बार मारपीट भी की.

दो साल पहले की थी शादी
इस बीच दो साल पहले 3 दिसंबर 2020 को दोनों ने घर से भागकर सुजानगढ़ कोर्ट में लव मैरिज कर ली. दोनों लव मैरिज कर अपने अपने घर चले गये. परिजनों को इस बारे में कुछ नहीं बताया. लेकिन जब दोनों के परिजन शादी के लिए रिश्ता देखने लगे तब मनीषा ने अपने परिजनों को बताया कि उसने लालचंद से लव मैरिज कर ली है. यह सुनकर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा. परिवार के लोगों ने कहा कि दोनों को गोली मार देंगे या काट डालेंगे. इससे मनीषा डर गई.

जोड़ा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है
लालचंद ने बताया कि वह सात सितंबर को मनीषा को लेकर सीकर चला गया. वहां दोनों एक दूसरे के साथ रहे हैं. 14 सितंबर को वे चूरू एसपी ऑफिस पहुंचे और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई. लालचंद वैटनेरी कंपाउडर है जबकि मनीषा ने बीएससी फाइनल की है. बहरहाल पुलिस ने उनको सुरक्षा प्रदान कर दी है. लेकिन यह जोड़ा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हो रहा है.



