बिहार : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय गोलीकांड को लेकर नीतीश सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाया है। गिरिराज ने शुक्रवार को कहा कि बेगूसराय गोलीकांड महज एक वारदात नहीं बल्कि आतंकी हमला था। सीएम नीतीश कुमार असली अपराधियों के नाम छुपाने में लगे हैं। इस केस की जांच सीबीआई या एनआईए से कराई जाए। बता दें कि इस मामले में बेगूसराय पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने एक समाचार चैनल से बातचीत में नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। वे तथ्यों को छिपा रहे हैं। ये एक गोलीकांड नहीं बल्कि आतंकी हमला है। ये दुर्भाग्य है कि एक राज्य का मुखिया इस घटना की लीपापोती करने में जुटा है। सीएम नीतीश कुमार कह रहे हैं कि ये पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक पर हमला है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को डूब कर मर जाना चाहिए। वे लोगों की बातों में आकर बयान दे रहे हैं, क्या उनके पास कोई सिस्टम नहीं है? इनका सिस्टम फेल कर गया था। जहां हमला हुआ वहां किसी एक वर्ग के नहीं बल्कि हिंदू समाज के हर वर्ग के लोग थे, इसलिए ये आतंकी हमला है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक बार 2013 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही पटना के गांधी मैदान में पीएम नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश में सीरियल ब्लास्ट हुए थे। उस वक्त भी एक ही वर्ग के लोगों ने हमला किया था। उन्होंने बेगूसराय गोलीकांड की जांच सीबीआई या एनआईए से कराने की मांग की है।




