पटना. अगर अगर आप हरिद्वार में स्थित बाबा रामदेव के पतंजलि योग पीठ में रहकर अपना इलाज कराने और योग सीखने की प्लानिंग कर रहे हैं और इसके लिए वहां वेबसाइट के माध्यम से कॉटेज बुक करने की प्लानिंग कर रहे हैं तो सतर्क हो जाएं. दरअसल पटना में तरह-तरह के साइबर क्रिमिनल सक्रिय हो गए हैं जो आपको पलक झपकते ही थोड़ी सी लापरवाही बरतने पर चूना लगाने को तैयार हैं. ताजा मामला पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र का है जहां सायबर अपराधियों ने फर्जी वेबसाइट बनाकर हरिद्वार स्थित बाबा रामदेव के पतंजलि योगपीठ में इलाज कराने और योग सीखने के नाम पर लोगों से ठगी करना शुरू किया था.

मामले का खुलासा तब हुआ जब पत्रकार नगर पुलिस ने इस साइबर अपराधी को शिकंजे में लिया. पटना पुलिस की गिरफ्त में आया ये शातिर पतंजलि योगपीठ में कॉटेज बुक कराने के नाम पर लोगों के साथ ठगी कर रहा था. पत्रकार नगर थाना की पुलिस ने इसका खुलासा किया. पकड़े गए शातिर का नाम मुकेश कुमार है. 25 साल का मुकेश मूल रूप से नवादा जिले में पकड़ीबरावां थाना के हथियारी गांव का रहने वाला है. इस शातिर के पास से पुलिस ने 9 मोबाइल के अलावा 9 एटीएम कार्ड और अलग-अलग बैंकों के अकाउंट के पासबुक भी जब्त किये हैं. दरअसल पत्रकार नगर थाने की पुलिस गश्ती पर थी इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर शातिर मुकेश भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ा लिया.
उसके पास से एक बैग मिला जिसमें ठगी से जुड़े काफी सारे सबूत मिले. बरामद मोबाइल के व्हाट्सएप को जब खंगाला गया तो उससे काफी डिटेल्स पुलिस ने ढूंढ निकाले. छानबीन में पुलिस को इस बात की जानकारी मिलेगी मुंबई में जुहू के रहने वाले विश्वास आप्टे से पतंजलि योगपीठ में कॉटेज बुक कराने के नाम पर 44 हजार की ठगी की है. इसके अलावा उत्तराखंड की रहने वाली जया गांधी से 35और हरियाणा में कुरुक्षेत्र के रहने वाले शिव कुमार वर्मा से 25 हज़ार रुपए की ठगी की जा चुकी है.

पूछताछ में शातिर ने स्वीकार किया है कि अकाउंट में पैसे ट्रांसफर होते ही कॉटेज बुक करवाने वालों के नंबर ब्लॉक कर दिये जाते थे. गिरफ्तार मुकेश से पूछताछ में इस गैंग के सरगना का नाम खुल गया है. पुलिस के अनुसार गौतम उर्फ संजीव ही सरगना है. वह नवादा जिले के चकवई का रहने वाला है. उसने अपने घर पर ही मुकेश को ट्रेनिंग दी थी. साथ ही फर्जी नाम, पते पर सिम कार्ड खरीद कर दिया था. जो भी चेकबुक, पासबुक और ATM कार्ड बरामद हुए हैं सभी का बैंक अकाउंट फर्जी नाम पते पर खुलवाए गए हैं. इस गैंग में सरगना के अलावा करीब दर्जन भर लोग काम करते हैं. पूरे मामले में पत्रकार नगर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.



