मुजफ्फरपुर : शहर के चौक-चौराहों पर जाम आम बात हो गई है। स्थिति यह है कि सरैयागंज टावर चौक, कंपनीबाग, लक्ष्मी चौक, ब्रह्मपुरा, कलमबाग चौक, अघोरिया बाजार, भगवानपुर, पावर हाउस चौक, अखाड़ाघाट पुल पर अक्सर जाम फंसने के कारण लोग त्रस्त है।
पैदल चलने वाले हो या वाहन सवार सबको एक-एक कदम आगे बढ़ने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। मौके पर यातायात पुलिस के आधा दर्जन जवान मौजूद है।
जाम को खत्म कराने का प्रयास करते है, लेकिन सफलता नहीं मिलती है। जाम का कारण चौक-चौराहे पर सजी सब्जी मंडी है। इसके कारण वहां हर दिन जाम होता है।
इसके अलावा मुख्य चौराहा कल्याणी चौक भी जाम के कारण रुका हुआ है। यहां जाम के कई कारण है। कमोबेश सभी चौक-चौराहों पर लोगों द्वारा सड़क किनारे सही से वाहन को पार्किंग नहीं करना, बीच सड़क पर ऑटो चालकों मनमानी कर एकाएक गाड़ी को मोड़ना और सड़क किनारे अतिक्रमण बहुत बड़ा कारण है। शहर के कई चौराहों पर सुबह से लेकर शाम तक जाम की स्थिति रहती है।
जाम का कारण चौराहे पर ही आटो चालक यात्रियों को उतारते एवं चढाते है। उनके कारण चौक पर जाम हो जाए इसकी कोई परवाह नहीं।
कमोवेश शहर के अधिकांश चौक-चोराहों की यही स्थिति है। चौक-चौराहों पर अराजकता का माहौल है। यातायात नियमों का पालन नहीं हो रहा है। पूरा चौराहा दुकान बना हुआ है।
व्यवस्था को सुधारने की जगह अनदेखी की जा रही है। शहर के सभी प्रवेश मार्गों, जीरोमाइल, भगवानपुर, बैरिया चौक का भी यहीं हाल है।

