गोपालगंज. राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की छोटी बहू और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव पहली बार अपनी ससुराल फुलवरिया पहुंचेंगी. आगमी 24 सितंबर को डिप्टी सीएम तेजस्वी और राजश्री दोनों साथ आएंगे. तेजस्वी यादव शादी करने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव फुलवरिया पहुंच रहे हैं, तो फुलवरिया की बहू के रूप में राजश्री लालू परिवार का आशीर्वाद लेने पहली बार अपनी ससुराल आ रहीं हैं. दोनों के पैतृक गांव फुलवरिया में आना बेहद खास माना जा रहा है. लिहाजा लालू प्रसाद के परिजनों ने इस तरह की व्यवस्था की है कि बेटे और बहू की स्वागत में कोई कमी नहीं रहे, इसलिए अभी से ही जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं.

लालू के पुराने घर का रंग रोगन शुरू: लालू प्रसाद जिस पुराने मकान में रहते थे, उस मकान का रंग रोगन करने का काम शुरू कर दिया गया. साथ ही लालू प्रसाद के द्वारा बनाये गये फुलवरिया रेफरल अस्पताल, फुलवरिया गांव के तोरणद्वार, लालू प्रसाद जिस चबूतर पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते थे, उस चबूतरे का भी सौंदर्यीकरण करने का काम प्रशासन ने शुरू कर दिया है.

हेलीकॉप्टर से आएंगे तेजस्वी व राजश्री- मुख्यमंत्री रहते हुए लालू प्रसाद जब भी अपने गांव फुलवरिया गए, हेलीकॉप्टर से ही गए. लिहाजा फुलवरिया गांव में पहले से ही स्थायी रूप से हेलीपैड बनाया गया है. अब लालू प्रसाद के छोटे बेटे व बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री के साथ भी हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे, लिहाजा जिला प्रशासन ने हैलीपैड का जीर्णोद्वार काम शुरू कर दिया है.दादी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पंच मंदिर में करेंगे विधिवत पूजा- तेजस्वी यादव के घर पर उनकी दादी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की माता मरछिया देवी की आदमकद प्रतिमा लगी है.

तेजस्वी और उनकी पत्नी राजश्री दोनों दादी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रत्रा सुमन अर्पित करेंगे. साथ ही लालू प्रसाद के द्वारा स्थापित किये गये फुलवरिया गांव के पंच मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे. लालू प्रसाद के स्वस्थ्य होने की कामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना होगी.लालू प्रसाद के दो भाई रहते हैं फुलवरिया- राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद छह भाई हैं. सबसे बड़े भाई स्व. मंगरू यादव और स्व. गुलाब यादव का परिवार फुलवरिया गांव में ही रहता है.

लालू प्रसाद के भतीजा और तेजस्वी यादव के चचेरे भाई रामानंद यादव ने बताया कि 24 सिंतबर को तेजस्वी यादव आएंगे और रात में विश्राम करेंगे. यहां पंच मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ परिवार के सदस्यों और गांव के बुजुर्गों से मिलकर आशीर्वाद लेंगे. थावे मंदिर में भी पूजा-अर्चना किये जाने का कार्यक्रम है.डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा का जायजा- डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा-व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है.

बुधवार को डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी और पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने अधिकारियों के साथ फुलवरिया गांव का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. डीएम ने अधिकारियों को कई बिंदुओं पर काम करने के निर्देश भी दिए.





