कमिश्नर की फ’र्जी व्हाट्सऐप आईडी बनाकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी से 1 लाख की ठ’गी

पूर्णिया.साइबर अपराधी ने पूर्णिया कमिश्नर गोरखनाथ के नाम और उनका फोटो लगाकर एक अधिकारी से एक लाख रुपया ठग लिया. इस बाबत पीड़ित अधिकारी के द्वारा खजांची हाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त गोरखनाथ ने कहा कि किसी साइबर अपराधी ने उनका फोटो लगाकर एक व्हाट्सएप नंबर से जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्रीनिवास को मैसेज भेज कर एक लाख रुपये की मांग की. आनन-फानन में अधिकारी ने अमेजन पे से एक लाख ट्रांसफर कर दिया. इसके बाद जब उसने प्रमंडलीय आयुक्त को फोन किया कि उनका मैसेज आया था, तब आयुक्त ने साइबर अपराधियों की करतूत बताते हुए उन्हें खजांची हाट थाना भेज कर इसकी प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इस सिलसिले में खजांची हाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

आयुक्त ने कहा कि 10 दिन पहले भी उनके नाम से साइबर अपराधियों ने मैसेज भेज कर कटिहार के एसपी और पूर्णिया के आईजी सुरेश चौधरी और प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के कई स्टाफ से रुपए की मांग की थी. लेकिन समय रहते उनलोगों ने तुरंत इसकी सूचना आयुक्त को दी, जिस कारण वे लोग ठगी का शिकार होने से बच गए.

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि उन्होंने आईजी और एसपी को इसकी जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा है. साथ ही इसकी प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे साइबर अपराधियों की ठगी का शिकार ना बनें. अगर किसी तरह का मैसेज आता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके. बहरहाल इससे पहले भी साइबर ठगों ने कई बड़े अधिकारियों से ठगी की है. जरूरत है लोग ऐसे साइबर ठगों से सतर्क रहें ताकि वे इसका शिकार ना हो पाएं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading