गयाः बिहार के गया में बालू का चालान नहीं देने पर बालू माफियाओं ने एक युवक को गोली मार दी. गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. गोलीबारी की ये घटना गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र की है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है. युवक की पहचान थाना इलाके के बेलारू गांव के निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है.
![]()
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को जानकारी
घटना के बाद अपराधी मौके से भाग गए. इसके बाद वहां काफी संख्या में भीड़ इकट्ठी हो गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. उसे पावापुरी अस्पताल में भर्ती कराए जाने की बात सामने आई है. हालांकि जानकारी के मुताबिक गोली लगने से गंभीर हुए युवक की स्थिति अत्यंत ही चिंताजनक बनी हुई है.

युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय युवक विकास कुमार बालू का ठेका लेने वाली कंपनी एकलव्य में ऑपरेटर के पद पर था. जिसे चारपहिया वाहन पर सवार होकर आए युवकों ने गोली मार दी है. गोली लगते ही युवक बेसुध होकर गिर गया. बाद में उसे चिंताजनक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. इस कंपनी के नाम से इलाके के बालू का ठेका है. यह कंपनी नवादा के बाहुबली नेता राजबल्लभ यादव की बताई जाती है.





