मुजफ्फरपुर : दुर्गा पूजा का त्योहार शांति, सदभाव व सौहार्दपूर्ण मनाने के लिए सोमवार को जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों की बैठक समाहरणालय सभागार में हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम प्रणव कुमार ने की।
उन्होंने कहा कि यह जिला हमेंशा से आपसी प्रेम व भाईचारा का मिसाल बना है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
इस एसएसपी जयंतकांत ने दुर्गा पूजा को शांति व सौहार्दपूर्ण मनाने की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पर असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके लिए पुलिस की क्यूआरटी टीम सक्रिय रहेगी। इसके अलावा बाइक से भी पेट्रोलिंग किया जाएगा। डीजे पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान रूट चार्ट और समय का पालन करने का निर्देश समिति के सदस्यों को दिया गया।
सभी पूजा पंडाल समिति को अनिवार्य रूप से अग्निशामक रखने व सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि अस्थायी रूप से विद्युत कनेक्शन लेने पर ही उन्हें अनुज्ञप्ति दी जाएगी।
वहीं समिति के सदस्यों ने साफ-सफाई, प्रकाश की व्यवस्था, बैरीकेडिंग, चलंत शौचालय, यातायात प्रबंधन के संबंध में कई सुझाव दिए। डीएम ने उक्त बातों का अनुपालन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया।
साथ ही संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इस अवसर पर डीडीसी आशुतोष द्विवेदी, एडीएम आपदा अजय कुमार, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी व पश्चिमी, डीएसपी पूर्वी, पश्चिमी व अन्य पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

