मुजफ्फरपुर : नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 10 प्रत्याशियों के नामांकन रद हो गए हैं। सोमवार को स्क्रूटनी में इनके नामांकन रद कर दिए गए। इनमें दो बच्चों से अधिक होने के कारण भी नामांकन निरस्त हुए। निगम के दो पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन दो से अधिक बच्चों के कारण निरस्त हो गए। इसके अलावा माधोपुर सुस्ता एवं मुरौल नगर पंचायत में क्रमश: तीन एवं पांच नामांकन निरस्त हुए। महापौर एवं उप महापौर पद के सभी प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए।
आवेदनों की स्क्रूटनी में वार्ड दो से पार्षद प्रत्याशी रूपम कुमारी का नामांकन रद कर दिया गया। तय तिथि चार अप्रैल 2008 के बाद उनके बच्चों की संख्या दो से अधिक थी। यही स्थिति वार्ड आठ की शबाना खातून के साथ रही। उनके बच्चों की संख्या पांच थी। इस कारण उनका नामांकन रद हो गया।
माधोपुर सुस्ता नगर पंचायत के दो मुख्य पार्षद प्रत्याशी भी दो से अधिक संतान के कारण मैदान से बाहर हो गए। संजय कुमार को कुल चार बच्चे हैं। इनमें से दो का जन्म चार अप्रैल 2008 के बाद हुआ है। वहीं मो. जाहिद के पांच बच्चे हैं। इसके अलावा पार्षद प्रत्याशी पूनम देवी का नामांकन गलत जाति के कारण हो गया।
मुरौल नगर पंचायत में मुख्य पार्षद प्रत्याशी परमानंद चौधरी एवं उप मुख्य पार्षद प्रत्याशी बैद्यनाथ साह का नामांकन रद हो गया। वहीं तीन पार्षद प्रत्याशी भी मैदान से बाहर हो गए। इनमें वार्ड चार से उपेंद्र सहनी एवं राम शंकर पोद्दार और आठ से मनोज सहनी शामिल हैं।




