पटना : राजद के अध्यक्ष लालू यादव के चिर-विरोधी बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को जल्द मुख्यमंत्री बनाने की ट्रिक समझाई है। उन्होंने कहा कि वो दस साल में सात बार पार्टियों और जनादेश को धोखा दे चुके सीएम नीतीश कुमार के भरोसे ना रहे।
सुशील मोदी ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बयान के बाद एक वीडियो संदेश जारी करके लालू यादव को फॉर्मूला बताया है कि वो धोखा और विश्वासघात के माहिर नीतीश कुमार के भरोसे ना रहे और जेडीयू के पांच विधायकों को तोड़कर अभी के अभी तेजस्वी को सीएम बना लें।
जगदानंद सिंह ने गुरुवार को दावा किया था कि नीतीश की घोषणा के अनुसार वो 2023 में तेजस्वी को मुख्यमंंत्री बनाकर दिल्ली की राजनीति करेंगे।
हालांकि नीतीश कुमार या उनकी पार्टी जेडीयू ने ऐसी कोई घोषणा अब तक सार्वजनिक रूप से नहीं की है। जगदानंद के बयान के बाद लालू के करीबी राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने शुक्रवार को दावा किया कि जेडीयू और आरजेडी में इस पर सहमति है कि 2025 के चुनाव से पहले नीतीश केंद्र की राजनीति में चले जाएंगे और तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाएंगे।
सुशील मोदी ने वीडियो संदेश में कहा कि जगदानंद सिंह गलतफहमी है कि नीतीश 2023 में तेजस्वी को बिहार की गद्दी सौंप देंगे और खुद केंद्र की राजनीति करेंगे।
मोदी ने जगदानंद सिंह से कहा कि नीतीश ने आज त किसी भी समझौते का पालन नहीं किया है, भले ही उनका आपसे समझौता हुआ हो, लेकिन अब धोखा देना, विश्वासघात करना उनके स्वभाव में शामिल हो गया है।


