बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पर जमकर हमला बोला है। सम्राट चौधरी ने ललन सिंह की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊपर दिए गए अमर्यादित बयान पर पलटवार किया है और कहा कि ललन सिंह पहले अपने गिरेबान में झांक लें तब देश और दुनिया के सबसे लोकप्रिय, जन नेता के बारे में कुछ बोलने की हिमाकत करें। सम्राट ने कहा कि अगर ललन ने अपनी जुबान पर लगाम नहीं लगाई तो भाजपा उनके खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
भाजपा और जेडीयू के संस्कार में है फर्क
सम्राट चौधरी ने कहा कि ललन सिंह ने न ही सिर्फ देश के प्रधानमंत्री का अपमान किया है बल्कि लाखों, करोड़ों अतिपिछड़ा समाज के लोगों का अनादर किया है। ये पहली दफा नहीं है जब जेडीयू नेताओं की सामंती सोच लोगों के सामने आई हो। इससे पहले भी कई बार पलटू कुमार की पार्टी के नेताओं ने अति पिछड़ा समाज को नीचा दिखाया हो। सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा और जेडीयू (पलटू कुमार के पाकेट की पार्टी) के संस्कार में यही फर्क है।
बीजेपी का कार्यकर्ता जडीयू के पदाधिकारियों से योग्य
सम्राट चौधरी ने ललन सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जेडीयू के एक-एक पदाधिकारी से योग्य है। जिस दिन इसे साबित करने की नौबत आएगी। जेडीयू के छोड़े-बड़े सभी नेता संस्कारहीन नजर आएंगे। सम्राट चौधरी ने कहा कि ललन सिंह जिस पार्टी में राजनीति करते हैं उस पार्टी के नेताओं की फितरत में ही है, पिछड़ों का अपमान करना। सम्राट चौधरी ने कहा कि ललन सिंह सबसे पहले अपनी जुबान पर लगाम लगाएं। अन्यथा हम सभी उनके खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।




