मुजफ्फरपुर : धनतेरस को लेकर सराफा बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। सोने-चांदी का बाजार चमकने लगा है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए नए-नए किस्म के आभूषण भी मंगवाए गए हैं। वहीं धनतेरस में सोने-चांदी का भाव बढ़ने की आशंका को लेकर लोगों ने एक सप्ताह पहले से बुकिंग करना शुरू कर दिया है।
चांदी के भाव इस बार कम होने से सिक्के की कीमत भी पिछले साल की तुलना में दो सौ रुपये कम है। पिछले साल चांदी का सिक्का एक हजार रुपये में बिका था, इस बार उसकी आठ से नौ सौ रुपये में बुकिंग हो रही है।
आभूषण दुकानदार राजीव कुमार, विवेक कुमार ने बताया कि कुछ लोग आधी रकम एडवांस में देकर भी बुकिंग करा रहे हैं। जिस दिन की उनकी बुकिंग रहेगी उसी दिन के भाव से उनको आभूषण दिया जाएगा। सराफा संघ के महासचिव विश्वजीत कुमार ने बताया कि इस बार 10 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।

धनतेरस, दीपावली को लेकर सराफा मंडी में बड़े-छोटे सभी तरह के दुकानदार अपने-अपने ग्राहकों को अलग-अलग तरह के आफर भी दे रहे हैं। कोई 10 हजार की खरीदारी पर एक चांदी का सिक्का गिफ्ट दे रहा तो कोई डायमंड की ज्वेलरी पर 25 प्रतिशत की छूट दे रहा।
आभूषण व्यवसायी सौरभ कुमार ने बताया कि टर्की और सिंगापुर से भी गहने मंगवाए गए हैं। मंदिरनुमा सोने के हार सहित अन्य नए डिजाइन ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।
अश्विनी कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राहकों को आभूषणों की सुरक्षा का भी ख्याल रखा गया है। बजाज अलियांज इंश्योरेंस फ्री में दिया जा रहा है। वीआइपी मेंबरशिप भी दी जा रही है। खरीद-बिक्री से लेकर किसी तरह की शिकायत आने पर फ्री सर्विस देंगे।
इसके अलावा 10 हजार के सिक्के की खरीदारी पर एक चांदी का सिक्का मुफ्त, साथ में 25 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। धनतेरस को लेकर मां लक्ष्मी के चित्र वाले सोने-चांदी के सिक्कों की अधिक बुकिंग हो रही है। इसके अलावा माता लक्ष्मी की सोने-चांदी की मूर्तियों की बुकिंग लोग करा रहे हैं।
Like this:
Like Loading...