अररिया : रानीगंज थाना क्षेत्र के खरसाही पंचायत के भिट्ठा गांव में संदिग्ध अवस्था में एक अधेड़ व्यक्ति की सोमवार को इलाज के दौरान मौत मंगल ऋषिदेव की मौत हो गई। बताया जाता है कि जमीन विवाद के कारण कुछ लोगों ने मिलकर मंगल ऋषिदेव की हत्या करने की कोशिश की और नहर के किनारे फेंक दिया। मृतक की बड़ी बहू खट्टर ऋषिदेव की पत्नी पनियां देवी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर गांव के ही रामचंद्र ऋषिदेव तथा अन्य लोगों ने मिलकर रानीगंज से घर लौट रहे मेरे ससुर मंगल ऋषिदेव को पकड़कर कुछ खिला पिला दिया और हत्या करने की नियत से नहर के किनारे फेंक दिया। मेरे ससुर रविवार को दोपहर के बाद रानीगंज बाजार गए थे।
उसने आगे बताया कि लगभग सात बजे शाम तक घर नहीं पहुंचने पर हम अपने स्वजनों के साथ खोजबीन करने लगे काफी खोजबीन के बाद देर रात में मेरे ससुर नहर के किनारे मिले। जिसे उठाकर घर लाया और रात में अस्पताल ले जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिलने के कारण सोमवार की अहले सुबह इलाज कराने के लिए रेफरल अस्पताल रानीगंज लाया जहां मौके पर तैनात चिकित्सक अरविंद कुमार ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही ससुर की मौत हो गई। शव को लेकर रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचा और रानीगंज थाना को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना के एसआई संजीत कुमार रेफरल अस्पताल पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने हेतु सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। वहीं रानीगंज थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि मामले में मृतक के स्वजनों के बयान पर केस दर्ज किया जायेगा। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।




