पटना. बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े हत्या की घटना को अंजाम दिया है. पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के शिवपुरी इलाके में अपराधियों ने नालंदा के हरनौत के देहरी गांव की मुखिया मंजू देवी के पति की गोली मारकर हत्या कर दी. धीरज अपने परिवार के साथ पटना के ही शिवपुरी इलाके में रहते थे. बुधवार को वो पानी टंकी के पास अपनी गाड़ी में बैठकर किसी परिचित से बात कर रहे थे, इसी दौरान अपराधी आए और उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने धीरज को एक साथ कई गोलियां मारीं जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में खलबली मच गई. आनन-फानन में आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की छानबीन में जुट गए. पटना के एसएसपी मनजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि धीरज कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. घटना को जिन अपराधियों ने अंजाम दिया है उनकी तस्वीर भी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है और पुलिस उनकी पहचान कर छापेमारी में जुटी हुई है.

एसएसपी ने कहा है कि जो क्लू मिला है उसके आधार पर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी. उधर इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. उनके समर्थक घटना की जानकारी मिलने के बाद हॉस्पिटल पहुंचने लगे हैं. इस मामले में ऑन द रिकॉर्ड पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. पटना के सचिवालय एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की छानबीन जारी है. हॉस्पिटल में मृतक धीरज की पत्नी और बेटी ने बताया कि पापा किसी काम से घर से बाहर निकले हुए थे और इसी दौरान उनको गोली मारे जाने की खबर मिली.
मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि उनकी मां भी अपने पंचायत की मुखिया रह चुकी हैं और क्षेत्र में उनकी काफी लोकप्रियता रही है. बहरहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैतृक गांव हरनौत प्रखंड के मुखिया पति की हत्या से पटना पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के हाथ-पांव खुले हुए हैं. पुलिस आनन-फानन में कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ने में जुटी हुई है, ताकि पूरी स्थिति को नियंत्रण में किया जा सके.



