पटना : बिहार के 19 जिलों में डीएम और कई जिलों के एसपी भी बदलने जा रहे हैं। यह व्यवस्था अस्थायी है। लेकिन, करीब एक महीने के लिए इन जिलों में सीनियर अफसर बदलने जा रहे हैं।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 25 अधिकारी 19 दिसंबर से अगले वर्ष 13 जनवरी तक मध्यसेवाकालीन प्रशिक्षण पर लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन, अकादमी, मसूरी जाएंगे। इनमें 19 जिलाधिकारी शामिल हैं।
जिलों में डीएम की गैर मौजूदगी में उसी जगह तैनात कनीय अधिकारी को प्रभार दिया जा सकता है। हालांकि, यह व्यवस्था बनाया जाना अभी शेष है।
आम तौर पर उप विकास आयुक्त और अपर समाहर्ता जैसे अफसरों को डीएम की गैरमौजूदगी में प्रभार दिया जाता है। डीएम-एसपी के लंबे अवकाश पर जाने की स्थिति में कई बार बगल के जिले के समकक्ष अधिकारी को भी प्रभार दिया जाता है। लेकिन, इस बार शायद ऐसा संभव नहीं हो पाए। क्योंकि राज्य के आधे जिलों के डीएम को प्रशिक्षण पर भेजने की तैयारी है।







