दरभंगा : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा ने बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा को लेकर तिथि की घोषणा कर दी है. हालांकि सभी छात्र-छात्राओं को मधुबनी जिला में जाकर परीक्षा देना होगा, क्योंकि इस परीक्षा का केंद्र मधुबनी जिला के ही एक ट्रेनिंग कॉलेज को बनाया गया है. इससे छात्रों को परेशानी होने की संभावना व्यक्त की जा रही है.
हालांकि फिलहाल किसी भी छात्र ने विश्वविद्यालय मुख्यालय से दूर परीक्षा केंद्र बनाए जाने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष आपत्ति नहीं जताई है. लेकिन कई छात्रों का कहना था कि इस कारण से परीक्षार्थियों को 50 से 80 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ेगी तो कई छात्रों का कहना है कि राहत की बात यह है कि परीक्षा दोपहर में शुरू होगी. इसलिए केंद्र पर जाने में छात्रों को दिक्कत नहीं होगी.

जाने कहां है परीक्षा केंद्र और क्या है टाईम टेबल
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली है. सत्र 2015-17 से 2020- 22 की सैद्धांतिक परीक्षा को लेकर परीक्षा विभाग ने घोषणा कर दी है. यह परीक्षा 10 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेगी. परीक्षा दोपहर के 1 बजे से लेकर शाम के 5 तक ली जाएगी. वहीं इस बार इस परीक्षा को लेकर मधुबनी जिले के मिल्लत टीचर ट्रेनिंग कॉलेज बसवाड़ा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.

जाने क्या है परीक्षा का शिड्यूल
एलएनएमयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. आनंद मोहन मिश्र ने बताया कि परीक्षा को लेकर शिड्यूल जारी कर दिया गया है. 10 नवंबर को C C 201 सपोर्ट ट्रेनिंग की परीक्षा होगी. जबकि 11 नवंबर को C C 202 कंप्यूटर एप्लीकेशन इन फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा ली जाएगी. इसी तरह से 12 नवंबर को C C 203 स्पोर्ट्स साइकोलॉजी एंड सोशियोलॉजी की परीक्षा, 14 नवंबर को C C 204 काईनेसीयोलॉजी बायोमैकेनिक्स, 15 नवंबर को C C 205 रिसर्च एंड स्टैटिसटिक्स इन फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा ली जाएगी. जबकि 16 नवंबर को C C 206 थ्योरी ऑफ स्पोर्ट्स एंड गेम की परीक्षा ली जाएगी.




