वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बांथू चंवर में मिली अज्ञात युवती के शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है। यह मामला आनर किलिंग का निकला। युवती के स्वजनों ने उसके प्रेम-प्रसंग एवं सामाजिक प्रताड़ना से आजिज आकर इस घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में मृतका की मां समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वही इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़-तोड़ छापेमारी अभियान चला रही है। यह घटना गत 22 अक्टूबर की बताई गई है।

घटना के संबंध में खुलासा करते हुए एसपी मनीष ने बताया कि गत 22 अक्टूबर को भगवानपुर थाना क्षेत्र के बांथू चंवर से स्थानीय लोगों की सूचना पर एक युवती का शव बरामद किया गया था। शव की पहचान नही होने पर पुलिस ने शव को अज्ञात घोषित करते हुए सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर उसकी पहचान के लिए सुरक्षित रखा था। पुलिस की टीम इस मामले में अपनी जांच-पड़ताल कर ही रही थी कि पुलिस की कार्रवाई तथा उसकी गतिविधि की जानकारी के लिए दो व्यक्ति उक्त स्थल एवं थाना के आसपास बराबर दिख रहे थे। पुलिस ने शंका होने पर दोनों की बाइक को रोका तो उसमें से गए भाग निकला तथा दूसरे को पकड़ लिया गया। युवक के पकड़े जाने तथा पुलिस के सख्ती से पेश आने के बाद युवती के हत्याकांड के मामले का खुलासा हो गया।
प्रेम प्रसंग को लेकर की गई हत्या
पुलिस की गिरफ्त में आए सारण जिला के भेल्दी थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी स्व. शिवरत्न राय का पुत्र राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मौके से भाग निकला उसका दोस्त उसी के गांव का मनोज कुमार सिंह है। मृतका उसी की पुत्री छोटी कुमारी है। उसने बताया कि वह अपने दोस्त के घर बराबर आया-जाया करता था। इसी दौरान उसे पता चला कि उसके दोस्त की पुत्री प्रेम-प्रसंग की वजह से बगल के गांव निवासी वकील महतो के पुत्र विकास महतो के साथ 05-06 बार भाग चुकी है।





