मुजफ्फरपुर : बूढ़ी गंडक नदी के किनारे स्थित अखाड़ाघाट अब शहर का मुख्य नहीं रहा। कारण यह कि अब यहां सिर्फ घर है घाट नहीं। जहां छठ पूजा एवं गंगा स्नान का मेला लगता था अब वहां अतिक्रमणकारियों एवं कबाड़ियों ने कब्जा जमा लिया है। स्नानघाट पर कचरे का अंबार है। और तो और यहां अब शहर से निकलने वाले गंदे पानी को बिना उपचार प्रवाहित किया जाता है। इससे यहां का पानी भी दूषित हो गया।
यह सब रातो-रात नहीं हुआ बल्कि प्रशासन क आंखों के सामने हुआ है। साल दर साल घाट सिमटता गया लेकिन प्रशासन की ओर से इसपर रोक लगाने को लेकर कोई पहल नहीं की गई।
पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने तीन साल पहले यहां पक्का घाट बनवाकर इसे बचाने का प्रयास किया लेकिन यह प्रयास भी विफल रहा। पक्का घाट भी अतिक्रमण की भेंट चढ़ गया।
सीनियर सिटीजंस राज किशोर सिंह बताते है कि अखाड़ाघाट का इतिहास शहर के बसने के साथ जुड़ा है। इसे शहर के मुख्य घाट की उपाधि प्राप्त है। शहरवासियों के धार्मिक आस्था का यह केंद्र रहा है। शहर के बसने के साथ इस घाट पर छठ पूजा होते आ रही है।
छठ पूजा एवं गंगा स्नान पर यहां रात भल मेला लगता रहा है। दोनों ही अवसरों पर यहां हजारों लोग आते थे। लेकिन अब सब कुछ समाप्त हो गया है। अब बस कहने को यहां घाट रह गया है।
यहां सालों तक छठ पूजा करने वाले जय प्रकाश गुप्ता का कहना है कि यह शहर को मुख्य स्नान घाट है लेकिन अब नाममात्र का। घाट की जगह अब यहां हर तरफ अवैध झोपड़िया बन चुकी है। घाट की जमीन पर आधा दर्जन कबाड़ियों की दुकान खुल गई है। घाट तक जाने वाला मार्ग भी अतिक्रमणकारियों के कब्जे में है।
यहां बस्ती के नाले का मुंह खोल दिया गया है। घाट की दुर्दशा देख शहरवासी निराशा है। समाजसेवी राजेश कुमार सिंह कहते है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण यह स्थाती उत्पन्न हुई है। यदि प्रशासन अब भी प्रयास करे तो यह अखाड़ाघाट फिर से शहर का मुख्य घाट बन सकता है लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।




